पीएम मोदी: मेरी अपील पर लोगों ने कम खरीदा सोना, देश के पैसे बचे और दाम भी गिरे

modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में कहा कि उनकी अपील पर देशवासियों ने कम सोना खरीदा, जिसकी वजह से देश के पैसे बच गए और सोने के दाम गिर गए। उन्होंने यह बात इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में अखिल भारतीय व्यवसाय परीक्षा (AITT) 2026 के 52 राष्ट्रीय शीर्ष प्रतिभागियों को सम्मानित करने के बाद अपने संबोधन में कही।

संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने एक साल पहले देशवासियों से आग्रह किया था कि यदि आवश्यक न हो तो एक साल के लिए सोना न खरीदें। उनके मुताबिक, उनके जैसे सामान्य व्यक्ति के आग्रह पर लोगों ने कम सोना खरीदा, जिससे सोने की कीमतें कम हुईं।

‘कागजी सर्टिफिकेट वालों से ज्यादा हुनर वालों की कदर होगी’

कौशल विकास के महत्व को रेखांकित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि समय बदल रहा है और आने वाले दौर में केवल कागजी सर्टिफिकेट लेकर कोट-पेंट और टाई पहनकर घूमने वालों की तुलना में हुनरमंद लोगों की अधिक कदर होगी।

उन्होंने कहा, “आप लिख कर रखिए, वक्त बदल रहा है, ये कागजी सर्टिफिकेट लेकर, कोट-पेंट और टाई पहनकर घूमने वाले लोगों से ज्यादा हुनर वालों की कदर होने वाली है। जिसके पास कौशल है, जिसके पास हुनर है, उसकी मांग बढ़ने वाली है।”

विदेशी आक्रांताओं और भारतीय कौशल पर प्रधानमंत्री का बयान

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में ऐतिहासिक संदर्भों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भारत में विदेशी आक्रांता आए, तो उन्होंने सबसे पहली चोट देश के ‘कौशल’ पर की। उनके अनुसार, उस दौर में भारत अपने स्वर्णिम युग के कारण आकर्षण और ईर्ष्या का केंद्र था।

पीएम मोदी ने कहा कि इतिहास में पढ़ा जाता है कि जब कोई वस्तु सबसे अच्छी बनती थी, तो बनाने वाले के अंगूठे काट लिए जाते थे, क्योंकि आक्रांताओं को पता था कि हुनर ही भारत को महान और समृद्ध बना रहा है। उन्होंने कहा कि आक्रांताओं की सोच थी कि भारत की शक्ति नष्ट करने के लिए कारीगरों के अंगूठे काट दिए जाएं, जबकि बाद में अंग्रेजों के आने पर उन्होंने तरीका बदला।