‘जीवित व्यक्ति के नाम पर पुल का नामकरण क्यों?’: कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने पर भड़कीं मीसा भारती, बीजेपी पर साधा निशाना

mesa

बिहार की राजधानी पटना को वैशाली के हाजीपुर से जोड़ने वाले कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स-लेन पुल का नाम बदलकर ‘नीतीश सेतु’ रखे जाने को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) की सांसद मीसा भारती ने इस नामकरण पर कड़ा ऐतराज जताया है। उन्होंने सवाल उठाया है कि जब यह पुल करीब डेढ़ से दो साल पहले ही बन चुका है और लोग इसे ‘राघोपुर सिक्स-लेन पुल’ के रूप में जानते हैं, तो अचानक दो साल बाद सरकार को इसके नामकरण की याद क्यों आई?

‘सनातन परंपरा के खिलाफ है जीवित व्यक्ति के नाम पर नामकरण’

मीसा भारती ने हिंदू धर्म और सनातन परंपरा का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर पुल का नाम रखने को अनुचित बताया। उन्होंने कहा, “हिंदू धर्म और सनातन परंपरा में ऐसा माना जाता है कि किसी जीवित व्यक्ति के नाम पर मंदिर, पुल, तालाब या किसी अन्य सार्वजनिक स्थल का नाम नहीं रखा जाना चाहिए। जब व्यक्ति इस दुनिया में न रहे, तब उनके नाम पर ऐसा करना समझ में आता है। लेकिन हमारे चाचा नीतीश कुमार जी अभी जीवित हैं। उनके जीवित रहते ही इस पुल का नाम उनके नाम पर रखना मेरी समझ से परे है।”

उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए आशंका जताई कि इसके पीछे कोई सोची-समझी राजनीतिक रणनीति हो सकती है। मीसा ने सवाल किया कि क्या बीजेपी यह कदम जेडीयू में टूट रोकने और उसके वोट बैंक को अपने पक्ष में बनाए रखने के लिए उठा रही है?

अक्षयवट राय के नाम पर सहमति बनी थी- मीसा भारती

पुल के पुराने और मूल नामकरण को याद करते हुए आरजेडी सांसद ने कहा कि 2015 में महागठबंधन की सरकार के दौरान जब इस पुल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई थी, तब एक नाम तय किया गया था। उन्होंने बताया कि उस वक्त मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव समेत कई मंत्री मौजूद थे।

मीसा ने कहा, “उस समय यह तय किया गया था कि राघोपुर के स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय जी के नाम पर इस पुल का नाम रखा जाए। आदरणीय लालू प्रसाद यादव जी ने खुद नीतीश कुमार जी के सामने यह प्रस्ताव रखा था और उस समय नीतीश कुमार जी ने भी इस पर अपनी सहमति जताई थी।”

बीजेपी और जेडीयू के रिश्तों पर साधा निशाना

बीजेपी और जेडीयू के राजनीतिक समीकरणों पर बोलते हुए मीसा भारती ने कहा कि अगर बीजेपी को सरकार ही चलानी थी, तो 2025 के चुनाव में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री का चेहरा क्यों बनाया गया? उन्होंने कहा कि बीजेपी भी यह अच्छी तरह जानती है कि नीतीश कुमार के बिना बिहार में सरकार चलाना संभव नहीं है।

उन्होंने मुख्यमंत्री पद के बदलाव को लेकर भी बीजेपी पर तीखा हमला बोला और कहा कि पार्टी ने जेडीयू के साथ ‘गद्दारी’ की है और जनता के जनादेश का अपमान किया है।

प्रधानमंत्री के दौरे पर उठाए सवाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 21 तारीख के बिहार दौरे का जिक्र करते हुए मीसा भारती ने कहा कि पीएम ऐसे पुल का उद्घाटन करने आ रहे हैं, जिसका निर्माण महागठबंधन सरकार के दौरान हुआ था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “मोदी जी, मुझे खुशी होती अगर आप बिहार आते और यहां किसी नई फैक्ट्री, कारखाने या रोजगार के नए अवसरों का उद्घाटन करते। डबल इंजन की सरकार को इतने वर्षों में बिहार के लिए ऐसा कुछ करना चाहिए था।”