अयोध्या में सियासी घमासान: अखिलेश यादव से पहले रामनगरी में गरजेंगे बसपा के आकाश आनंद

akash

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले रामनगरी अयोध्या एक बार फिर बड़े सियासी अखाड़े में तब्दील हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करने वाले हैं, लेकिन उनके इस बहुचर्चित दौरे से ठीक पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने बड़ा दांव चला है। बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद 20 नवंबर को अयोध्या के सोहावल में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

20 नवंबर को आकाश आनंद की जनसभा, तैयारियां तेज

2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए आकाश आनंद लगातार प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रैलियां कर रहे हैं। इसी क्रम में 20 नवंबर को सोहावल में उनकी जनसभा प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बहुजन समाज पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अयोध्या स्थित पार्टी के मंडलीय कार्यालय में इसे लेकर एक अहम बैठक भी हुई, जिसमें पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्रा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अखिलेश यादव के अयोध्या पहुंचने से पहले आकाश आनंद की इस जनसभा का खासा राजनीतिक महत्व है, क्योंकि आकाश आनंद पिछले कुछ समय से लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव की राजनीति पर तीखे हमले कर रहे हैं।

लगातार अखिलेश यादव पर हमलावर रहे हैं आकाश आनंद

आकाश आनंद और अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग पिछले कुछ महीनों से चर्चा में है।

  • इसी साल अगस्त में हाथरस के सादाबाद में हुई बसपा की एक जनसभा के दौरान आकाश आनंद ने अखिलेश यादव को तंज कसते हुए ‘अंकल’ कहकर संबोधित किया था।

  • हाल ही में 14 नवंबर को बिजनौर में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में भी आकाश आनंद ने सपा प्रमुख पर निशाना साधा था। उन्होंने अखिलेश यादव को एक ‘कंफ्यूज नेता’ बताते हुए कहा था कि उन्हें खुद नहीं पता कि उनके ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का असल मतलब क्या है। इसी मंच से आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी को बीजेपी की ‘बी टीम’ भी करार दिया था।

12 दिसंबर को रामलला के दरबार में पहुंचेंगे अखिलेश

दूसरी तरफ, समाजवादी पार्टी भी हिंदुत्व और राम मंदिर के मुद्दे पर बीजेपी के हमलों की धार कुंद करने की कोशिश में है। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय (पवन पांडेय) के मुताबिक, अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपनी पत्नी डिंपल यादव और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अयोध्या पहुंचेंगे।

कार्यक्रम के अनुसार, अखिलेश यादव सबसे पहले हनुमानगढ़ी जाकर दर्शन करेंगे। इसके बाद वह राम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन और पूजन करेंगे। दर्शन के बाद अखिलेश यादव का अयोध्या के प्रमुख साधु-संतों और महंतों से मुलाकात करने का भी कार्यक्रम है। राम मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से बीजेपी लगातार सपा को इस मुद्दे पर घेरती रही है। ऐसे में अखिलेश यादव का सपरिवार रामलला के दर्शन करना उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बड़ा सियासी संदेश माना जा रहा है।