जानिए ईरान ने अमेरिका पर कौन से आरोप लगाए और क्यों उठाया UN चार्टर का मुद्दा

iran

ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे कूटनीतिक तनाव के बीच तेहरान ने वाशिंगटन पर बेहद कड़े शब्दों में हमला बोला है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई (Esmaeil Baghaei) ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो (Marco Rubio) की आलोचना करते हुए कहा है कि अमेरिका अपनी ‘राष्ट्रीय सुरक्षा’ और ‘नैतिकता’ की आड़ में ईरान के खिलाफ युद्ध को सही ठहरा रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय कानून (International Law) के अस्तित्व पर बड़ा खतरा पैदा हो गया है।

हिटलर और आईएसआईएस की कार्यशैली से की तुलना

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक तीखी पोस्ट साझा करते हुए ईरानी प्रवक्ता ने अमेरिकी नीतियों की तुलना इतिहास के कुख्यात अध्यायों से की। बघाई ने अमेरिकी दृष्टिकोण की तुलना एडोल्फ हिटलर द्वारा ‘रीइस्टैग फायर’ (Reichstag fire) के इस्तेमाल से की, जिसके जरिए आपातकाल की घोषणा करके बुनियादी अधिकारों को निलंबित कर दिया गया था और सत्ता का केंद्रीकरण किया गया था।

इतना ही नहीं, उन्होंने अमेरिका के युद्ध को सही ठहराने वाले तर्कों और आतंकवादी संगठन ISIS की विचारधारा के बीच का अंतर बताते हुए सवाल किया कि क्या दोनों की सोच में कोई बड़ा फर्क है? उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि दुनिया के सबसे ताकतवर देशों को अंतरराष्ट्रीय जवाबदेही से खुद को छूट देने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

जेम्स मैडिसन के बयान का जिक्र

अपनी बात को और मजबूती देते हुए ईरानी प्रवक्ता ने अमेरिका के संस्थापक पिताओं में से एक जेम्स मैडिसन (James Madison) के एक प्रसिद्ध कथन का हवाला दिया। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जो सरकार अपनी खुद की शक्ति पर लगाम लगाने को तैयार नहीं होती, वह कभी भी दूसरों की स्वतंत्रता की गारंटी नहीं दे सकती।

ईरान की ओर से आया यह ताजा बयान ऐसे समय में सामने आया है जब दोनों देशों के बीच भू-राजनीतिक संघर्ष और कूटनीतिक वाकयुद्ध लगातार गहराता जा रहा है।