अमेरिका में नेशनल ग्राउंड स्टॉप हटा, लेकिन 530 उड़ानें रद्द, 430 फ्लाइट्स लेट

pakistan-airline-mistakenly-sends-passenger-from-lahore-to-karachi-on-jeddah-flight_V_jpg--1280x720-4g

अमेरिका (USA) में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में आई बड़ी तकनीकी खराबी के बाद लगाया गया ‘नेशनल ग्राउंड स्टॉप’ (National Ground Stop) भले ही वापस ले लिया गया हो, लेकिन यात्रियों की मुसीबतें अभी कम नहीं हुई हैं।

रविवार को भी अमेरिका भर में करीब 530 उड़ानें रद्द (Flight Cancellations) कर दी गई हैं और 430 से ज्यादा फ्लाइट्स अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं। इसके चलते देशभर के एयरपोर्ट्स पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा है। कई यात्री दिन-रात एयरपोर्ट पर ही बिताने को मजबूर हैं, जिससे महिलाओं और बच्चों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालांकि एयरलाइंस अधिकारियों ने यात्रियों से धैर्य और सहयोग की अपील की है, लेकिन आक्रोशित यात्री जल्द से जल्द सामान्य उड़ान सेवाएं बहाल करने की मांग कर रहे हैं।

नेशनल ग्राउंड स्टॉप ने मचाई थी तबाही

एविएशन ट्रैकिंग वेबसाइट ‘फ्लाइटअवेयर’ (FlightAware) की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में नेशनल ग्राउंड स्टॉप करीब 4 घंटे तक लागू रहा। इस भयंकर संकट के दौरान देशभर में 15,000 उड़ानें प्रभावित हुईं।

शनिवार शाम को ATC सिस्टम की सेवाएं आंशिक रूप से बहाल होने के बाद भी 6,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द रहीं और 7,300 से ज्यादा फ्लाइट्स डिले (Late) हुईं। शनिवार रात को ही तय हो गया था कि रविवार को भी स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं होगी। यात्रियों को डर है कि अगर यही स्थिति रही, तो हालात सुधरने में कई दिन या हफ्ते भी लग सकते हैं।

तकनीकी खराबी के कारण ATC सेवा हुई थी ठप

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के अनुसार, एयर ट्रैफिक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में अचानक तकनीकी खराबी (Technical Glitch) आ गई थी। इस वजह से पूरे देश में ATC ऑपरेटर आसमान में उड़ रहे विमानों के पायलटों से संपर्क नहीं कर पा रहे थे।

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टेकऑफ और लैंडिंग रोकनी पड़ी और ‘नेशनल ग्राउंड स्टॉप’ लगाना पड़ा। FAA का कहना है कि अब समस्या दूर कर ली गई है और रविवार रात तक सभी उड़ानें सामान्य होने की उम्मीद है।

FAA ने मांगी माफी, 9/11 के बाद पहली बार ऐसा संकट

FAA के चीफ ब्रायन बेडफोर्ड (Bryan Bedford) ने इस भारी असुविधा के लिए यात्रियों से माफी मांगी है। उन्होंने आश्वस्त किया है कि एविएशन सिस्टम और ATC सर्विस अब स्थिर है। हालांकि, बेडफोर्ड ने यह भी माना कि एयरलाइंस के सामने अब विमानों, पायलटों और क्रू मेंबर्स को दोबारा री-शेड्यूल (Reschedule) करने की बड़ी चुनौती है।

बता दें कि 9/11 (2001) के आतंकी हमले के बाद यह पहला मौका है जब अमेरिका में इस तरह पूरी हवाई सेवाएं ठप करनी पड़ी हों। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम का पुराना हार्डवेयर इस तकनीकी खराबी की मुख्य वजह रहा। सरकार ने अब नया ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम लगाने की मांग भी शुरू कर दी है।