अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सियासी संग्राम: सपा बोली- ‘राम जी ने आशीर्वाद दिया, धन्यवाद देने तो जाना पड़ेगा’
समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) 12 दिसंबर को अपने पूरे परिवार के साथ अयोध्या (Ayodhya) जाकर रामलला के दर्शन करने वाले हैं। उनके इस प्रस्तावित दौरे ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया उबाल ला दिया है। एक तरफ बीजेपी और साधु-संत इस दौरे पर सवाल उठाते हुए अखिलेश से माफी की मांग कर रहे हैं, तो वहीं दूसरी ओर सपा इसे अपने हिंदू वोट बैंक और राजनीतिक रणनीति के लिए बेहद अहम मान रही है।
सपा का जवाब: ‘धन्यवाद देने तो जाना ही पड़ेगा’
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर जारी जुबानी जंग के बीच, समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट के जरिए बीजेपी को जवाब दिया है।
सपा ने लिखा, “जो हाल ही के चुनाव में प्रभु श्री राम जी ने आशीर्वाद दिया है अयोध्या से, उसका धन्यवाद देने तो जाना ही पड़ेगा।” (गौरतलब है कि हालिया चुनाव में सपा ने अयोध्या सीट पर जीत दर्ज की थी)।
साधु-संतों का कड़ा ऐतराज: ‘पहले माफी मांगें, फिर आएं’
अखिलेश के इस दौरे पर अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास (Mahant Raju Das) ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने 1990 की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अयोध्या में निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं। इसके लिए अखिलेश यादव को पहले माफी मांगनी चाहिए, उसके बाद ही अयोध्या आना चाहिए।
महंत राजू दास ने अखिलेश को यह सलाह भी दी कि वे अयोध्या आने से पहले मथुरा जाएं और राम मंदिर की तर्ज पर वहां भव्य श्रीकृष्ण मंदिर बनाने का संकल्प लें।
पोस्टर वॉर: PDA का नया मतलब ‘प्रायश्चित्त, दर्शन, आशीर्वाद’
अखिलेश यादव के दौरे से पहले लखनऊ में पोस्टर वॉर (Poster War) भी शुरू हो गया है। बीजेपी की तरफ से कथित तौर पर लगाए गए इन पोस्टरों में सपा के चुनावी नारे ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का नया अर्थ निकाला गया है।
पोस्टर में ‘P’ का मतलब प्रायश्चित्त, ‘D’ का मतलब दर्शन और ‘A’ का मतलब आशीर्वाद बताया गया है। साथ ही पोस्टर में लिखा गया है— “निहत्थे कारसेवकों के नरसंहार को नहीं भूली अयोध्या।”
इस पर पलटवार करते हुए सपा सांसद अवधेश प्रसाद (Awadhesh Prasad) ने बीजेपी पर संतों को भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “ये सरकार अयोध्या से आई थी और अयोध्या से ही जाएगी।”
ओवैसी ने भी साधा निशाना
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सिर्फ बीजेपी ही नहीं, बल्कि AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने भी निशाना साधा है। मेरठ में एक रैली को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कहा, “चंद्रशेखर आजाद ठहरकर नमाज पढ़ा रहा है और अखिलेश यादव उस जगह पर जाने वाले हैं जहां पर हमने 400 साल नमाज पढ़ी थी।”
मुस्लिम मुद्दों पर अखिलेश की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए ओवैसी ने कहा, “सहारनपुर की मस्जिद शहीद हुई, क्या अखिलेश गए? बहराइच में मदरसों को तोड़ा गया, क्या अखिलेश गए?” बता दें कि ओवैसी पहले ही चंद्रशेखर आजाद को अपनी पार्टी की तरफ से सीएम पद का चेहरा घोषित कर चुके हैं।
