अमेरिकी आयोग USCIRF की शर्जील इमाम पर पोस्ट, भारतीय राजदूत विनय क्वात्रा ने लगाई फटकार
जेल में बंद कार्यकर्ता शर्जील इमाम को लेकर अमेरिकी सरकार द्वारा गठित अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (USCIRF) की एक सोशल मीडिया पोस्ट पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने आयोग की इस हरकत की कड़ी आलोचना करते हुए उसे स्पष्ट शब्दों में फटकार लगाई है। उन्होंने कहा है कि भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर फैसला सुनाने का इस अमेरिकी आयोग के पास कोई कानूनी अधिकार नहीं है।
‘पक्षपातपूर्ण और एजेंडा आधारित हैं बयान’
राजदूत विनय क्वात्रा ने USCIRF के आकलन को पूरी तरह से पक्षपातपूर्ण और आधी-अधूरी जानकारी पर आधारित करार दिया। उन्होंने आयोग को कड़े शब्दों में नसीहत देते हुए कहा कि दूसरों को उपदेश देने के बजाय आयोग को पहले अपने खुद के पूर्वाग्रहों को लेकर आत्ममंथन करना चाहिए। क्वात्रा ने स्पष्ट किया कि इस तरह के एजेंडा-आधारित बयानों से भारत की धार्मिक स्वतंत्रता और सभी धर्मों को समान अधिकार देने की उसकी संवैधानिक प्रतिबद्धता को कतई कम करके नहीं आंका जा सकता है।
लगातार भारत विरोधी रुख अपनाता रहा है USCIRF
यह पहली बार नहीं है जब USCIRF ने भारत के आतंरिक मामलों पर विवादित टिप्पणी की है। इससे पहले भी आयोग भारत में धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर कई पोस्ट कर चुका है, जिनमें जेल में बंद दलित कार्यकर्ता ज्योति जगताप और छत्तीसगढ़ क्रिश्चियन फोरम के अध्यक्ष अरुण पन्नालाल का जिक्र किया गया था।
RAW और RSS पर प्रतिबंध लगाने की कर चुका है सिफारिश
इसी साल की शुरुआत में USCIRF ने उस वक्त एक बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था, जब उसने भारत की खुफिया एजेंसी (RAW) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। इतना ही नहीं, आयोग ने भारत को ‘विशेष चिंता वाला देश’ घोषित करने की सिफारिश भी की थी (हालांकि अमेरिकी सरकार के लिए इन सिफारिशों को मानना अनिवार्य नहीं है)।
उस समय भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आयोग के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि यह आयोग लगातार भारत की गलत तस्वीर पेश कर अपनी बची-खुची साख भी खो रहा है। जायसवाल ने तब यह भी याद दिलाया था कि USCIRF को भारत पर टिप्पणी करने के बजाय अमेरिका में हिंदू मंदिरों पर हो रहे हमलों और वहां भारतीय समुदाय के प्रति बढ़ती असहिष्णुता पर ध्यान देना चाहिए।
