‘छठ पूजा और भोजपुरी गानों के बहाне माहौल बिगाड़ रही BJP’: MNS प्रमुख राज ठाकरे का बड़ा हमला, मराठी मानुष से की खास अपील

raj

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे ने छठ पूजा और मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर सिलसिलेवार तीन पोस्ट साझा करते हुए राज ठाकरे ने आरोप लगाया कि बीजेपी आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर महाराष्ट्र में जानबूझकर टकराव और तनाव का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही है।

उन्होंने मराठी समाज को चेतावनी देते हुए कहा कि वे इस ‘राजनीतिक जाल’ में न फंसें।

‘बीजेपी खेल रही है फूट डालो और राज करो की राजनीति’

राज ठाकरे ने अपने पोस्ट में दावा किया कि बीजेपी और उससे जुड़े सोशल मीडिया ग्रुप्स छठ पूजा को एक ‘सांस्कृतिक अतिक्रमण’ के रूप में पेश कर रहे हैं। उन्होंने मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने का भी जिक्र किया और दावा किया कि MNS कार्यकर्ताओं ने इन गानों को बंद करवाया।

MNS प्रमुख ने आरोप लगाया कि यह पूरा घटनाक्रम आने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर रचा जा रहा है। उन्होंने बीजेपी पर ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा, “जब बीजेपी को विकास के कामों के आधार पर चुनाव जीतने की उम्मीद नहीं होती, तब वह इस तरह के विवाद पैदा करती है। लोकसभा चुनाव के दौरान हिंदू-मुस्लिम मुद्दों और विधानसभा चुनावों के समय जातिगत विवादों को हवा दी जाती है।”

कबूतरखाने और गुजराती-मराठी विवाद का भी किया जिक्र

अपने बयानों में राज ठाकरे ने पिछले साल मुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव के दौरान उठे ‘कबूतरखाने’ के विवाद को भी याद किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भी गुजराती और मराठी समाज के बीच दरार डालने की कोशिश की गई थी।

उन्होंने सवाल उठाया कि बीजेपी का थिंक टैंक इस तरह की रणनीति के जरिए क्या हासिल करना चाहता है। राज ठाकरे के मुताबिक, सोशल मीडिया पर कुछ खास वीडियो और रील्स के जरिए लोगों के मन में डर और गुस्सा पैदा किया जा रहा है।

मराठी लोगों से सतर्क रहने की अपील

मराठी मानुष से अपील करते हुए राज ठाकरे ने कहा कि वे दूसरों के तय किए गए मैदान में जाकर न उलझें। छत्रपति शिवाजी महाराज की गुरिल्ला युद्धनीति (शत्रु की चाल को समझकर जवाब देना) का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सही समय पर और अपने तरीके से जवाब देना महाराष्ट्र के लोगों को अच्छी तरह आता है।

इसके साथ ही, उन्होंने उत्तर भारतीय और गुजराती समाज के लोगों से भी आग्रह किया कि वे किसी के राजनीतिक स्वार्थ के लिए मराठी लोगों के खिलाफ खड़े न हों। राज ठाकरे ने अंत में अपने समर्थकों से शांति बनाए रखने, पूरी तरह सतर्क रहने और विरोधियों के झांसे में न आने की अपील की है।