‘राइट विंग ताकतों के खिलाफ एकजुट हो रहे 70 देशों के लोग’: हैदराबाद के ‘भारत समिट’ में सलमान खुर्शीद का BJP पर पलटवार
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में कांग्रेस समर्थित ‘भारत समिट’ (Bharat Summit) का दूसरा संस्करण आयोजित किया गया है। इस समिट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी। बीजेपी ने इसे देश के खिलाफ और ‘राइट विंग फोर्सेज’ (Right Wing Forces) के खिलाफ एक जमावड़ा करार दिया था।
अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद (Salman Khurshid) ने समिट के मंच से बीजेपी के इन आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है।
‘हम राइट विंग और कंजर्वेटिव सोच के खिलाफ बात करेंगे’
भारत समिट के बारे में बात करते हुए सलमान खुर्शीद ने कहा, “यहां पर प्रोग्रेसिव (प्रगतिशील) लोग शामिल हो रहे हैं। इस आयोजन में 70 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। दुनिया भर में जो राइट विंग या यह कहें कि ‘कंजर्वेटिव’ (रूढ़िवादी) माइंडसेट (सोच) के लोग हैं, हम यहां उनके खिलाफ बातचीत करेंगे।”
बीजेपी के आरोपों पर खुर्शीद का पलटवार
बीजेपी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए खुर्शीद ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी कह रही है कि यह देश के खिलाफ एक जमावड़ा है। तो मैं यह कहना चाहता हूं कि यह उनकी सोच है। यह कार्यक्रम देश के प्रगतिशील मुद्दों पर बातचीत करने के लिए आयोजित किया गया है। मैं भारतीय जनता पार्टी के इस बयान की कड़ी निंदा करता हूं।”
तीसरे मोर्चे (ओवैसी-चंद्रशेखर) पर बेबाक राय
उत्तर प्रदेश की राजनीति में असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद (ASP) द्वारा तीसरे मोर्चे के ऐलान पर भी सलमान खुर्शीद ने अपनी बेबाक राय रखी।
उन्होंने कहा, “किसी तीसरे मोर्चे से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उत्तर प्रदेश में चंद्रशेखर हों या ओवैसी हों, मैं कहना चाहता हूं कि प्रगतिशील मुद्दों पर धर्मनिरपेक्षता (Secularism) के साथ सबको आगे बढ़ना पड़ेगा।”
गौरतलब है कि गुरुवार को एआईएमआईएम और आजाद समाज पार्टी ने मिलकर यूपी में तीसरे मोर्चे का ऐलान किया है, जिसमें चंद्रशेखर आजाद को सीएम फेस घोषित किया गया है।
आजम खान के ‘शिक्षा का मंदिर’ वाले बयान पर दी प्रतिक्रिया
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान पर ईडी की ताजा कार्रवाई और उनके बयान (“एक मुसलमान ने शिक्षा का मंदिर बनाया, इसलिए उस पर बुलडोजर चल रहा है”) को लेकर भी खुर्शीद ने प्रतिक्रिया दी।
खुर्शीद ने कहा, “मेरा कहना है कि शिक्षा का मंदिर कोई भी बनाए, उसे हमेशा आगे बढ़ना चाहिए। जो (कार्रवाई) कर रहा है, यह उसकी अपनी सोच है।”
