सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग’: नाती रेहान और अवीवा ने ली है बैक कवर की फोटो

sonia

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी (Sonia Gandhi) की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ (Belonging: A Journey of Love) लॉन्च हो गई है और रिलीज होते ही यह कई वजहों से सुर्खियों में छा गई है।

पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपनी प्रेम कहानी के प्यारे किस्सों से लेकर, भारतीय खाने के साथ अपने शुरुआती अनुभवों, अपने जीवन के निजी दुखों, गांधी परिवार के भीतर के माहौल और राजनीति में अपने प्रवेश तक, सोनिया गांधी ने इस किताब में अपनी निजी जिंदगी के कई अहम राज खोले हैं।

किताब में लिखीं कुछ बातों को लेकर भले ही सियासी बहस छिड़ गई हो और कुछ ऐतिहासिक तथ्यों पर सवाल उठाए जा रहे हों, लेकिन इन सब राजनीतिक चर्चाओं और विवादों के बीच इस किताब से जुड़ी एक बेहद प्यारी और पारिवारिक बात भी सामने आई है। इस किताब को खास बनाने में उनके नाती रेहान (Raihan Vadra) और उनकी मंगेतर अवीवा (Aviva Beg) का भी अहम योगदान है।

बैक कवर पर छपी खास तस्वीर

किताब की एक बहुत बड़ी खासियत इसके कवर पेज की तस्वीरें हैं। फ्रंट पेज पर सोनिया गांधी की वह तस्वीर छपी है, जिसे खुद राजीव गांधी ने तब क्लिक किया था जब सोनिया महज 20 साल की थीं।

वहीं, किताब के पिछले (बैक) कवर पर भी एक बेहद खूबसूरत फोटो लगी हुई है। इस तस्वीर को किसी पेशेवर फोटोग्राफर ने नहीं, बल्कि खुद उनके नाती रेहान वाड्रा और उनकी मंगेतर अवीवा बेग ने क्लिक किया है।

कैसी है यह तस्वीर?

रेहान और अवीवा द्वारा क्लिक की गई इस बैक कवर फोटो में सोनिया गांधी साड़ी पहने हुए हैं और कैमरे की ओर देखकर मुस्कुरा रही हैं। अपने चिर-परिचित चश्मे, काजल लगी आंखों और हेयरबैंड से पीछे की ओर समेटे गए सफेद बालों में वह काफी सहज और सुकून में नजर आ रही हैं। तस्वीर में उनकी कलाई में एक कलावा (रक्षासूत्र) भी बंधा हुआ नजर आ रहा है।

कौन हैं रेहान वाड्रा और अवीवा बेग?

  • रेहान वाड्रा: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान, सोनिया और राजीव गांधी के नाती हैं। वह एक विजुअल आर्टिस्ट और प्रोफेशनल फोटोग्राफर हैं। रेहान को बचपन से ही फोटोग्राफी में गहरी दिलचस्पी रही है। उनके काम के पोर्टफोलियो में वाइल्डलाइफ, स्ट्रीट और कमर्शियल फोटोग्राफी शामिल है।

  • अवीवा बेग: अवीवा दिल्ली की एक फोटोग्राफर और क्रिएटिव प्रोफेशनल हैं। वह ‘एटेलियर 11’ (Atelier 11) नाम की एक फोटोग्राफी स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी की को-फाउंडर (सह-संस्थापक) भी हैं। उनकी कंपनी कई बड़े ब्रांड्स, एजेंसियों और स्वतंत्र क्लाइंट्स के साथ काम करती है।