पीएम मोदी का दिवाली मिलन समारोह में संबोधन: ‘हर गली में खबर एक्सपर्ट’

modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित ‘दिवाली मिलन समारोह’ को संबोधित किया। इस कार्यक्रम में उन्होंने मीडियाकर्मियों से संवाद करते हुए उनके काम की चुनौतियों पर बात की और सभी देशवासियों को दिवाली व आगामी छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।

‘मीडियाकर्मियों की जिंदगी डेडलाइन पर चलती है’

पीएम मोदी ने मीडियाकर्मियों के काम की प्रकृति का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी जिंदगी डेडलाइन के इर्द-गिर्द घूमती है। उन्होंने बदलते दौर की बात करते हुए मजाकिया लहजे में कहा, “पहले कहा जाता था कि हर घर में क्रिकेट एक्सपर्ट मिल जाते हैं। आज कहा जाता है कि गली-गली में हर खबर के एक्सपर्ट मिल जाते हैं।”

दीपावली और छठ की दीं शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को त्योहारों की बधाई देते हुए कहा, “अभी-अभी दीपावली का पर्व बीता है और अब छठ की भी तैयारी अंतिम दौर पर है। मैं आप सभी को, आपके परिवारजनों को इन पर्वों की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।”

90 के दशक की यादें कीं ताजा

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने 90 के दशक की शुरुआत के दिनों को भी याद किया, जब उन्होंने दो बड़ी यात्राओं के लिए देशभर में व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाला था। उन्होंने पुरानी मीडिया व्यवस्था और आज के डिजिटल दौर की तुलना करते हुए कहा, “ये वो दौर था, जब प्रेस रिलीज भेजने के लिए भी फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी। यहां नई पीढ़ी के बहुत साथी हैं, लेकिन जो पुराने लोग हैं, वो जानते हैं कि मेरा लंबे समय से आप सब की दुनिया के साथ एक सहज संबंध रहा है।”

प्रधानमंत्री ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि उन्होंने ‘प्रेस रिलीज से लेकर इंस्टा रील तक’ मीडिया और संवाद का एक बहुत लंबा दौर देखा है।