“यह UCC नहीं, हिंदू सिविल कोड है…”: ओवैसी का फडणवीस पर हमला; बाबरी मस्जिद को लेकर अखिलेश यादव को भी घेरा
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी (Asaduddin Owaisi) ने मंगलवार (10 नवंबर 2026) को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई ज्वलंत मुद्दों पर बेबाक राय रखी।
इस दौरान ओवैसी ने मुख्य रूप से समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) पर तीखा हमला बोला और साथ ही बाबरी मस्जिद (Babri Masjid) के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर भी जमकर निशाना साधा।
फडणवीस सरकार पर हमला: “बाबा साहब से ज्यादा दिमाग है क्या?”
महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की तैयारियों को लेकर ओवैसी ने फडणवीस सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, “फडणवीस सरकार ने तय कर लिया है कि वे UCC लागू करेंगे, लेकिन सरकार ने जो प्रश्न पत्र (Questionnaire) बनाया है, वह UCC नहीं, बल्कि ‘हिंदू सिविल कोड’ (Hindu Civil Code) होगा। राज्य सरकार ने सर्वे में जो सवाल पूछे हैं, वही दर्शाते हैं कि यह गलत है।”
संविधान का हवाला देते हुए ओवैसी ने कड़े शब्दों में पूछा, “क्या देवेंद्र फडणवीस के पास बाबा साहब (डॉ. बी.आर. अंबेडकर) से ज्यादा दिमाग है, जो वह संविधान के खिलाफ जा रहे हैं?”
“UCC सिर्फ मुस्लिमों को उनके धर्म पर चलने से रोकने के लिए”
ओवैसी ने दावा किया कि UCC सिर्फ मुसलमानों को उनके उसूलों और धर्म के हिसाब से चलने से रोकने के लिए लाया जा रहा है।
उन्होंने इस्लामी विवाह के नियमों का बचाव करते हुए कहा, “मुस्लिम धर्म में शादी ‘जन्मों-जन्मों का साथ’ नहीं है, इस्लाम में शादी एक ‘कॉन्ट्रैक्ट’ (अनुबंध) है। इस्लाम में जितने भी ऑर्गेनाइज्ड रिलिजन हैं, उनमें औरत को शादी से बाहर निकलने का खुला अधिकार है।”
ओवैसी ने आगे कहा, “आपका (हिंदू मैरिज एक्ट) जो सच है, उसके अनुसार अगर एक बार शादी हो गई, तो कम से कम 1 साल तक रिश्ते में बने रहना होता है। इसीलिए मैं कहता हूं कि यह UCC नहीं, हिंदू मैरिज एक्ट (Hindu Marriage Act) है।”
वक्फ कानून और संपत्ति के बंटवारे पर केंद्र को घेरा
केंद्र की मोदी सरकार (Modi Government) पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने कहा कि वक्फ कानून (Waqf Bill) लाकर सरकार ने मुसलमानों से मस्जिदें और जमीनें छीनने की कोशिश की है।
विरासत (Inheritance) के नियमों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “हिंदू धर्म में माता-पिता अपनी पूरी संपत्ति किसी एक औलाद को दे सकते हैं, लेकिन इस्लाम में हम ऐसा नहीं कर सकते (संपत्ति का बंटवारा तय नियमों के अनुसार होता है)। UCC के जरिए सिर्फ मुसलमानों को टारगेट करने की कोशिश हो रही है।”
बाबरी मस्जिद मामले पर अखिलेश यादव पर साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी नहीं बख्शा। बाबरी मस्जिद आंदोलन से जुड़े सपा नेताओं का जिक्र करते हुए ओवैसी ने पूछा कि अखिलेश अब अपनी पार्टी के लोगों को क्या जवाब देंगे?
ओवैसी ने कहा, “अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के उन विधायकों को क्या जवाब देंगे, जिनके पिता बाबरी मस्जिद (आंदोलन) के दौरान जेल गए थे? यहां के (महाराष्ट्र के गोवंडी से) सपा विधायक अबू आजमी (Abu Azmi) को क्या जवाब देंगे?”
