आज से शुरू हो रही ‘नमो यमुना रिवर सफारी’, 500 रुपये में क्रूज का सफर; जानें रूट और टाइमिंग
देश की राजधानी दिल्ली (Delhi) को आज (मंगलवार) से एक नया पर्यटन आकर्षण मिलने जा रहा है। दिल्ली में पहली बार मनोरंजनात्मक नदी क्रूज सेवा ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ (Namo Yamuna River Safari) की शुरुआत हो रही है।
केंद्रीय जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल (Sarbananda Sonowal) मंगलवार को इस क्रूज सेवा का उद्घाटन करेंगे। इस भव्य उद्घाटन समारोह में दिल्ली की नवनियुक्त मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) भी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने दी जानकारी
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक पोस्ट के जरिए इस रिवर सफारी की शुरुआत की जानकारी साझा की।
उन्होंने लिखा, “यमुना रिवर क्रूज (Yamuna River Cruise) दिल्ली को एक बिल्कुल नया अनुभव देने के लिए तैयार है! आज केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल जी के साथ, हम यमुना नदी क्रूज सेवा का शुभारंभ कर रहे हैं। यह यमुना मां को जनता के करीब लाने, मनोरंजन के नए अवसर पैदा करने और दिल्ली के नदी तट को एक नई पहचान देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
नमो यमुना रिवर सफारी: रूट, किराया और टाइमिंग
यह सेवा मुख्य रूप से यमुना के किनारे सोनिया विहार (Sonia Vihar) और जगतपुर (Jagatpur) को जोड़ेगी, जिससे दिल्लीवासियों और पर्यटकों को पानी के रास्ते नदी में यात्रा का अनूठा अनुभव मिल सकेगा।
-
रूट: सोनिया विहार से जगतपुर
-
दूरी: लगभग 5 किलोमीटर
-
सफर का समय: करीब 40 मिनट
-
समय (Timing): सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक
-
टिकट की कीमत: 500 रुपये प्रति व्यक्ति
-
यात्री क्षमता: एक क्रूज में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे
-
टिकट बुकिंग: दिल्ली पर्यटन (Delhi Tourism) की आधिकारिक वेबसाइट से ऑनलाइन की जा सकती है।
स्वच्छ हिस्से में होगा सफारी का संचालन
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में यमुना नदी का विस्तार दो हिस्सों में बंटा है। पहला हिस्सा पल्ला से वजीराबाद तक (26 किलोमीटर) है, जहां पानी हमेशा रहता है और अपेक्षाकृत साफ भी होता है। इसी स्वच्छ हिस्से में यह रिवर सफारी शुरू की जा रही है।
वहीं, वजीराबाद बैराज से ओखला बैराज तक का दूसरा 22 किलोमीटर का हिस्सा वह है, जहां 22 बड़े नाले (जिसमें सबसे बड़ा नजफगढ़ नाला शामिल है) आकर मिलते हैं और नदी प्रदूषित हो जाती है।
पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राष्ट्रीय जलमार्ग अधिनियम, 2016 के तहत यमुना नदी को ‘राष्ट्रीय जलमार्ग-110’ (National Waterway-110) घोषित किया गया है। पिछले महीने ही भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) और दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस क्रूज पोत का सफल परीक्षण किया गया था।
बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, बिजली (Electricity) से चलने वाले इन क्रूज जहाजों का उपयोग स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देने में अंतर्देशीय जलमार्गों की क्षमता को प्रदर्शित करेगा और राष्ट्रीय राजधानी में जन जुड़ाव का एक नया केंद्र बनेगा।
