पोलैंड के क्राको में गनमैन ने भीड़ में गाड़ी घुसाकर की अंधाधुंध फायरिंग, 6 लोगों की मौत, पीएम ने बताया आतंकी हमला
पोलैंड के दूसरे सबसे बड़े शहर क्राको (Krakow) में शनिवार (7 नवंबर) दोपहर को एक गनमैन ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें 6 लोगों की जान चली गई। पुलिस के मुताबिक, हमलावर ने फायरिंग के साथ-साथ भीड़ में तेज रफ्तार से अपनी गाड़ी घुसा दी, जिससे एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना को लेकर पूरे देश में दहशत का माहौल है।
हमले में 4 महिलाओं और 2 पुरुषों की मौत
इस भयावह हमले में 4 महिलाओं और 2 पुरुषों की जान गई है। मृतकों में से 3 पोलिश नागरिक और एक ब्रिटिश नागरिक है, जबकि 2 लोगों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घायलों में 5 विदेशी नागरिक शामिल हैं, जो ऑस्ट्रिया, जर्मनी, पुर्तगाल, रूस और ब्रिटेन के रहने वाले हैं। घायलों में 2 पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
संदिग्ध के घर से 3 और शव बरामद
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घटनास्थल से लगभग 125 मील दूर स्थित संदिग्ध के घर की तलाशी ली गई, जहां से 3 और शव बरामद हुए हैं। इनमें दो महिलाएं और एक पुरुष हैं। टस्क ने आशंका जताई है कि ये तीनों शव हमलावर के करीबी परिजनों के ही हैं।
11 नवंबर तक शोक की घोषणा
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दुखद घटना के बाद क्राको में 11 नवंबर तक के लिए आधिकारिक शोक घोषित कर दिया गया है। एक मंत्री ने हथियारों से लैस संदिग्ध हमलावर को ‘कट्टर राष्ट्रवादी’ करार दिया है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और सर्जरी के बाद उसे कड़ी सुरक्षा में अस्पताल में रखा गया है।
शनिवार शाम तक क्राको में भारी संख्या में हथियारों से लैस पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जबकि राजधानी वारसॉ सहित देश के अन्य हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
‘यह एक गंभीर आतंकी हमला’
पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “पोलैंड में अब तक आतंकवाद के इतने गंभीर मामले देखने को नहीं मिले थे। क्राको में लोगों की जान लेने वाले इस क्रूर हमले को हमें आतंकी हमले का ही नाम देना होगा।”
यूके के प्रधानमंत्री ने जताया दुख
इस घटना पर यूके के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहम ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा, “आज क्राको में हुई भयानक गोलीबारी से मैं स्तब्ध और दुखी हूं। मेरी संवेदनाएं जान गंवाने वालों के परिवारों और इस बेमतलब की हिंसा से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। यूनाइटेड किंगडम, पोलैंड के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।”
कैसे शुरू हुआ हमला?
यह घटना स्थानीय समयानुसार दोपहर 3:00 बजे से कुछ समय पहले क्राको के ऐतिहासिक ‘मेन मार्केट स्क्वायर’ में शुरू हुई, जो पर्यटकों के आकर्षण का बड़ा केंद्र माना जाता है। सामने आए फुटेज में हमलावर की गाड़ी को शहर के बीच से तेज रफ्तार में गुजरते हुए देखा जा सकता है, जिसके बाद गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
