पत्नी ने रची पति को जहर देने की साजिश, चैटजीपीटी की मदद लेने का आरोप; शख्स ने ‘OpenAI’ पर ठोका मुकदमा

OpenAI CEO Rejects $97.4 Billion Takeover Bid From Elon Musk-Led Consortium

The OpenAI logo appears on a smartphone screen and the X (formerly Twitter) on a computer screen as the background in this photo illustration in Athens, Greece, on February 12, 2025. The chief executive of ChatGPT-owner OpenAI states it is 'not for sale' after a $97.4 billion (GBP78.4 billion) takeover bid from a consortium of investors led by Elon Musk. (Photo by Nikolas Kokovlis/NurPhoto via Getty Images)

अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित शार्लोट के रहने वाले एक शख्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी ‘ओपनएआई’ (OpenAI) के खिलाफ सैन फ्रांसिस्को सुपीरियर कोर्ट में मुकदमा दायर किया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कंपनी के एआई चैटबॉट ‘चैटजीपीटी’ (ChatGPT) ने उनकी पत्नी को 2025 में उनकी हत्या की साजिश रचने और उन्हें जहर देने में कथित तौर पर मदद की।

क्या है पूरा मामला?

मुकदमे के अनुसार, शिकायतकर्ता जेम्स गेट्स (James Gates) की पत्नी शेरिल गेट्स (Cheryl Gates) ने 2025 की गर्मियों और पतझड़ के दौरान चैटजीपीटी के साथ सैकड़ों मैसेज एक्सचेंज किए। जेम्स का दावा है कि इन चैट्स के जरिए उनकी हत्या का प्लान तैयार किया जा रहा था।

जुलाई 2025 में जेम्स गंभीर रूप से बीमार पड़ गए थे, लेकिन बाद में वह ठीक हो गए थे। इसके बाद उन्हें अपनी पत्नी का लिखा एक नोट मिला, जिसमें इस कथित साजिश का जिक्र था और चैटजीपीटी की बातचीत का इतिहास (History) मिटाने के निर्देश भी दिए गए थे। मामले का खुलासा होने के बाद अक्टूबर 2025 में शेरिल को गिरफ्तार कर लिया गया और उन पर हत्या की कोशिश तथा खाने-पीने की चीजों में हानिकारक पदार्थ मिलाने का आरोप लगाया गया।

चैटबॉट पर क्या आरोप लगाए गए हैं?

जेम्स की कानूनी टीम का तर्क है कि चैटजीपीटी ने उनकी पत्नी को रोकने के बजाय उनके इरादों को और मजबूत किया। आरोप है कि चैटबॉट ने यूजर को ‘इमोशनल वैलिडेशन’ दिया और ऐसी जानकारियां मुहैया कराईं, जिससे हमले की योजना को आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती थी।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि शेरिल कामकाज, बच्चों की परवरिश, दवाओं और रिश्तों से जुड़ी निजी सलाह के लिए नियमित रूप से चैटजीपीटी पर निर्भर थीं। जेम्स के मुताबिक, इस घटना से उन्हें गंभीर शारीरिक और मानसिक नुकसान पहुंचा है।

OpenAI ने दी प्रतिक्रिया

इस कानूनी कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए OpenAI के एक प्रवक्ता ने बताया कि कंपनी ने आरोपी महिला को अपनी सेवाओं का इस्तेमाल करने से बैन कर दिया है।

प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि यूजर्स की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कंपनी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ मिलकर काम कर रही है, ताकि चैटबॉट इमोशनल डिस्ट्रेस (मानसिक तनाव) के संकेतों को बेहतर ढंग से पहचान सके और यूजर्स को संकट के समय उचित मदद व स्थानीय आपातकालीन संसाधनों तक पहुंच प्रदान कर सके।