पीओजेके के रावलाकोट में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की गोलीबारी, 5 लोगों की मौत का दावा
पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में पिछले चार महीने से अपने अधिकारों के लिए विरोध प्रदर्शन कर रहे स्थानीय लोगों पर पाकिस्तानी सेना ने क्रूर कार्रवाई की है। दावा किया जा रहा है कि गुरुवार सुबह पाकिस्तानी रेंजर्स और फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रावलाकोट में धरना स्थलों को जबरन खाली कराने के लिए बड़ा अभियान चलाया।
इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बलों पर अंधाधुंध गोलीबारी और ड्रोन से बमबारी करने का गंभीर आरोप लगा है। स्थानीय दावों के अनुसार, इस हिंसक कार्रवाई में पांच लोगों की मौत हो गई है। इसके साथ ही, 7 जून से इलाके में जारी हिंसक घटनाओं में मरने वालों की संख्या बढ़कर 151 होने की बात कही जा रही है।
फज्र की नमाज के बाद शुरू हुआ ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक, यह ऑपरेशन गुरुवार सुबह करीब आठ बजे फज्र की नमाज के बाद रावलाकोट बस टर्मिनल पर शुरू किया गया। यहां 9 जून से पांच हजार से अधिक स्थानीय लोग अपनी 38 मांगों को लेकर पाकिस्तान सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण धरने पर बैठे थे।
आरोप है कि सुरक्षा बलों ने धरना स्थल को खाली कराने के लिए बिना किसी चेतावनी के अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी के साथ-साथ ड्रोन से बम गिराए जाने का भी दावा किया गया है। इस बमबारी में वसीम शकील नामक एक स्थानीय व्यक्ति का मकान पूरी तरह से नष्ट हो गया। सामने आई तस्वीरों में मकान धू-धू कर जलता हुआ दिखाई दे रहा है।
पीओजेके में ड्रोन हमले की दूसरी घटना
स्थानीय लोगों का दावा है कि पीओजेके में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों की ओर से आम नागरिकों पर ड्रोन हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले 29 अक्टूबर को ‘बाग’ इलाके में भी एक मकान पर पाकिस्तानी सेना ने ड्रोन से हमला किया था। बताया जाता है कि उस हमले में एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जिनमें महिलाएं और मासूम बच्चे भी शामिल थे।
मस्जिदों से अपील: ‘डटे रहें, चौक न छोड़ें’
रावलाकोट बस टर्मिनल पर बलपूर्वक कब्जा करने के बाद, सुरक्षा बलों ने उमर फारूक चौक का रुख किया, जहां भी रुक-रुककर गोलीबारी की खबरें हैं। उमर फारूक चौक पर जुलाई महीने से 20 हजार से अधिक लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
हालात इतने तनावपूर्ण हैं कि स्थानीय मस्जिदों से लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से उमर फारूक चौक पर डटे रहने और वहां पहुंचने की अपील की जा रही है। मौके पर मौजूद महिलाओं ने भी स्पष्ट कर दिया है कि वे प्रदर्शन स्थल से नहीं हटेंगी। उनका कहना है, “चाहे कितनी भी गोलीबारी हो जाए, हम यह चौक खाली नहीं करेंगे।” मस्जिदों से हो रही अपीलों और सुरक्षा बलों की आक्रामकता के बीच पूरे इलाके में तनाव चरम पर है और स्थिति बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है।
