उत्तरकाशी में भीषण कार हादसा: गंगोत्री हाईवे पर नदी में गिरी कार, 4 की मौत
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार चार लोगों की मौत हो गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी यात्री गुजरात के साबरमती के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पहाड़ी मोड़ पर अनियंत्रित हुई कार
जानकारी के मुताबिक, इनोवा कार में ड्राइवर समेत कुल सात लोग सवार थे। कार गंगनानी स्थित धाराकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान पहाड़ी के तीखे मोड़ पर चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे नदी में जा गिरी।
NDRF, जल पुलिस और गोताखोरों का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और 108 एंबुलेंस की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं। नदी में लापता अन्य तीन लोगों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोरों ने मोर्चा संभाल लिया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए मनेरा से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) के 27 सदस्यीय दल को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।
सीएम धामी ने दिए बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं और आश्वासन दिया है कि घायलों को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाएगी।
यात्रियों की शिनाख्त की कोशिशें तेज
आपदा कंट्रोल रूम और पुलिस फिलहाल मृतकों और लापता लोगों के नाम व पते की शिनाख्त करने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, यात्रियों की पहचान पूरी होते ही उनके परिजनों से संपर्क किया जाएगा। पुलिस और रेस्क्यू टीमों की पहली प्राथमिकता नदी में बहे बाकी लोगों को जल्द से जल्द तलाशना है।
