फ्लोरिडा के स्टेडियम में मास शूटिंग: 6 नाबालिगों सहित 12 घायल, यूनिवर्सिटी ने जारी किया अलर्ट
अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित टालाहासी शहर में एक बार फिर मास शूटिंग (Mass Shooting) की दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। फ्लोरिडा ए एंड एम यूनिवर्सिटी (FAMU) के ब्रैग मेमोरियल फुटबॉल स्टेडियम में हुई अंधाधुंध फायरिंग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। इस हमले में 6 नाबालिग बच्चों और 6 पुरुषों समेत कुल 12 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।
स्टेडियम खाली कराया, पुलिस की घेराबंदी
टालाहासी पुलिस के मुताबिक, यह गोलीबारी 24 अक्टूबर की रात स्टेडियम के अंदर पेरी स्ट्रीट के पास हुई। घटना के तुरंत बाद FAMU प्रशासन ने तेजी दिखाते हुए स्टेडियम को खाली करा लिया और घायलों को फौरन अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और हमलावर की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
प्रशासन ने सार्वजनिक घोषणा कर स्टेडियम के आस-पास रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों या इमारतों के अंदर ही शरण लेने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल से दूर रहें और सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
यूनिवर्सिटी का इमरजेंसी अलर्ट
फायरिंग के इस खौफनाक मंजर के बाद फ्लोरिडा स्टेट यूनिवर्सिटी ने तुरंत एक इमरजेंसी अलर्ट जारी किया। यूनिवर्सिटी ने टालाहासी में मौजूद अपने सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और अनावश्यक आवाजाही से बचने की सख्त हिदायत दी है। प्रशासन ने लोगों से आस-पास की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा है। इसके साथ ही यूनिवर्सिटी ने इस त्रासदी में घायल हुए लोगों और उनके परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
चीफ का बयान: जान बचाने में बुजुर्ग महिला भी घायल
टालाहासी पुलिस चीफ लॉरेंस रेवेल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि फायरिंग में कुल 11 लोगों को गोलियां लगी हैं। इन घायलों में 6 नाबालिग शामिल हैं। एक व्यक्ति की हालत बेहद नाजुक है, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। राहत की बात यह है कि 8 लोगों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस चीफ ने बताया कि भगदड़ के दौरान जान बचाने के लिए भाग रही एक पीड़ित की दादी भी गिरकर घायल हो गईं, जिन्हें मिलाकर कुल घायलों की संख्या 12 हो गई है। पुलिस की कई टीमें इस भयानक घटना के पीछे के कारणों और हमलावर की शिनाख्त के लिए गहन जांच में जुटी हुई हैं।
