2 सैनिकों की मौत के बाद इजरायल का हेब्रोन में एक्शन, वेस्ट बैंक में लॉकडाउन
वेस्ट बैंक के हेब्रोन इलाके में एक घातक गोलीबारी के बाद इजरायली सेना (IDF) ने एक लक्षित आतंकवाद-रोधी अभियान (Counter-Terrorism Operation) शुरू कर दिया है। इस गोलीबारी में दो इजरायली सैनिकों की जान चली गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। इजरायली अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला कथित तौर पर हमास के आतंकवादियों द्वारा किया गया था। देश में चुनाव होने से ठीक पांच दिन पहले हुई इस घटना के बाद प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सख्त रुख अपनाते हुए पूरे वेस्ट बैंक में पूर्ण लॉकडाउन का आदेश दे दिया है।
हेब्रोन में IDF का सर्च ऑपरेशन और कड़ी पाबंदियां
शुक्रवार को IDF ने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमलावरों के नेटवर्क, हथियारों और उनके बुनियादी ढांचे को खोजने तथा उसे नष्ट करने के लिए हेब्रोन में सघन तलाशी अभियान शुरू किया है। सेना ने स्पष्ट किया है कि जिस इलाके में यह सैन्य अभियान चल रहा है, वहां के स्थानीय निवासियों को केवल तीन निर्धारित निकास बिंदुओं (Exit points) से ही बाहर जाने की अनुमति दी जाएगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में IDF ने जानकारी दी कि जिस इलाके से आतंकवादी आए थे, वहां यह सीमित ऑपरेशन चलाया जा रहा है। सेना ने कड़े निर्देश दिए हैं कि निकास बिंदुओं पर सघन सुरक्षा जांच की जाएगी और पूछताछ के दौरान जिन लोगों पर भी शक होगा, उन्हें आगे की जांच के लिए सुरक्षा बलों के हवाले कर दिया जाएगा।
नेतन्याहू का दौरा और चुनाव से पहले हमले का दावा
हमले के बाद स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शुक्रवार को हेब्रोन का दौरा किया। उन्होंने इस घटना को आगामी चुनावों से जोड़ते हुए कहा कि हमलावरों का मुख्य मकसद चुनाव से ठीक पहले इजरायली नागरिकों को नुकसान पहुंचाना था, लेकिन सैनिकों ने उन्हें रोक दिया।
नेतन्याहू ने कहा, “कुछ हफ्ते पहले हमने इस बारे में बात की थी कि हमारे दुश्मन चुनाव से पहले हमारे नागरिकों और सैनिकों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते हैं। IDF के जवानों ने अपने शरीर को ढाल बनाकर इसे रोका। घायल होने के बावजूद उन्होंने बहादुरी से लड़ते हुए आतंकवादियों को खत्म कर दिया।”
आतंकी बुनियादी ढांचे को नष्ट करने का ऐलान
प्रधानमंत्री ने उस पूरे इलाके में एक बड़े और व्यापक सुरक्षा अभियान की घोषणा की है, जहां से हमलावर आए थे। नेतन्याहू के मुताबिक, इजरायली सेना उस इलाके से लोगों को हटाकर हर एक घर की तलाशी लेगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उस पूरे ढांचे को नष्ट कर दिया जाएगा, जिसे आतंकवादी अपने बुनियादी ढांचे के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे।
