कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस पर मायावती ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, बोलीं- ‘शोषितों को सत्ता की मास्टर चाबी देकर बनाया शासक वर्ग’

maya

बहुजन समाज पार्टी (BSP) के संस्थापक मान्यवर कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस पर पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है। बसपा प्रमुख ने कहा कि कांशीराम जी ने देश में सदियों से जाति के आधार पर पिछड़े और शोषित तबकों को वोट की ताकत के जरिए सत्ता तक पहुंचाने का ऐतिहासिक कार्य किया। मायावती ने यह भी रेखांकित किया कि उन्हीं के मिशनरी संकल्पों का परिणाम था कि वह खुद उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य की चार बार मुख्यमंत्री बन सकीं।

‘बाबा साहेब के कारवां को मंजिल तक पहुंचाया’

बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा:

“देश में जाति के आधार पर सदियों से तोड़े व पछाड़े गए खासकर ’बहुजन समाज’ के करोड़ों दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों एवं अन्य कमजोर तबकों को उनके वोट की ताकत के माध्यम से सत्ता की मास्टर चाबी देकर उन्हें शोषित से शासक वर्ग बनाने हेतु इनके मसीहा परमपूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के आत्म-सम्मान व स्वाभिमान के रुके एवं बिखरे हुए कारवां को आगे मंजिल तक पहुंचाने के लिए बहुजन समाज पार्टी के जन्मदाता एवं संस्थापक मान्यवर श्री कांशीराम जी को आज उनके महापरिनिर्वाण दिवस पर बीएसपी परिवार की ओर से भावभीनी श्रद्धांजलि व अपार श्रद्धा-सुमन अर्पित।”

‘यूपी में चार बार बनी बीएसपी की सरकार’

मायावती ने कहा कि मान्यवर कांशीराम के संघर्षों का ही सुखद परिणाम रहा कि उत्तर प्रदेश में उनके नेतृत्व में चार बार बसपा की पूर्ण व मजबूत सरकार बनी। इस दौरान ‘सामाजिक परिवर्तन व आर्थिक मुक्ति’ के कार्यों के जरिए महात्मा ज्योतिबा फुले, श्री नारायणा गुरु, राजर्षि छत्रपति शाहूजी महाराज और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के समतामूलक विचारों को धरातल पर उतारा गया और संविधान की मूल मंशा को पूरा किया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि इन महापुरुषों से प्रेरणा लेकर उत्तर प्रदेश में सर्वसमाज के हित में कानून का राज स्थापित किया गया और विकास व जनकल्याणकारी नीतियां लागू कर मान्यवर कांशीराम को सच्ची श्रद्धांजलि दी गई।

जिलों में श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन

कांशीराम के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर बहुजन समाज पार्टी की ओर से उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में विभिन्न श्रद्धांजलि कार्यक्रमों और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया है। बसपा सुप्रीमो मायावती भी लखनऊ स्थित प्रेरणा केंद्र पहुंचकर कांशीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगी। पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।