राहुल-प्रियंका का आकाशवाणी भवन में धरना, BJP का पलटवार- ‘ये कामचोर हैं, वोट चोरी की बात करते हैं’

sudhanshu

चुनाव आयोग (ECI) की ओर कूच कर रहे ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन के मार्च को लेकर मंगलवार को सड़क से लेकर सियासी गलियारों तक भारी हंगामा हुआ। पुलिस द्वारा बैरिकेड लगाकर रोके जाने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आकाशवाणी भवन में घुस गए और वहां एक पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गांधी परिवार पर ‘लोकतंत्र में राजतंत्र’ चलाने और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया है।

बैरिकेड पर फहराया तिरंगा, बस से उतरकर आकाशवाणी भवन पहुंचे राहुल-प्रियंका

संसद भवन से चुनाव आयोग मुख्यालय तक निकाले जा रहे विपक्ष के इस मार्च को पुलिस ने बीच रास्ते में ही रोक दिया। बैरिकेडिंग से रोके जाने पर राहुल गांधी ने उस पर चढ़कर तिरंगा लहराया। इसके तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल और प्रियंका गांधी को हिरासत में लेकर एक बस में बैठा लिया। हालांकि, मौके पर मौजूद कांग्रेस सांसदों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस बस को चारों तरफ से घेर लिया। भारी हंगामे के बीच दोनों भाई-बहन बस से नीचे उतर गए और सीधे पास स्थित आकाशवाणी भवन में घुस गए। फिलहाल दोनों नेता आकाशवाणी भवन परिसर में एक पेड़ के नीचे धरने पर डटे हुए हैं।

BJP का हमला: ‘चार पीढ़ियों से लोकतंत्र में राजतंत्र चला रहा परिवार’

विपक्ष के इस सड़क प्रदर्शन पर बीजेपी ने कड़ा ऐतराज जताया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी के आकाशवाणी भवन में घुसने को ‘घुसपैठ’ करार दिया। उन्होंने गांधी परिवार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि जिस परिवार ने पिछले चार पीढ़ियों से लोकतंत्र के भीतर राजतंत्र चला रखा है, वह अब इस तरह का आचरण कर रहा है।

त्रिवेदी ने कांग्रेस की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये लोग कभी सेना, कभी मीडिया, कभी HAL तो कभी देश की हर प्रमुख संस्था पर बेबुनियाद आरोप लगाते हैं।

‘कामचोरी करने वाले कर रहे वोट चोरी की बात’

विपक्ष द्वारा मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों पर पलटवार करते हुए त्रिवेदी ने आंकड़ों के जरिए कांग्रेस को घेरा। उन्होंने सवाल किया कि जब कांग्रेस 13 करोड़ का आंकड़ा देती है, तो उसमें 2.8 करोड़ मृतक और 1 करोड़ डुप्लीकेट वोटरों को कैसे जोड़ रही है? बीजेपी नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस असल में एब्सेंट (Absent), शिफ्टेड (Shifted), डुप्लीकेट (Duplicate) और डेड (Dead) लोगों को चुनाव में फायदा पहुंचाना चाहती है।

पूर्ववर्ती यूपीए सरकार और मौजूदा सरकार के कामकाज की तुलना करते हुए त्रिवेदी ने कहा कि भारत में पहली बार ऐसा नहीं है कि किसी व्यवस्था की जांच हो रही है। उन्होंने दावा किया कि जब बीजेपी सत्ता में आई थी, तब सरकारी व्यवस्था में 5.8 करोड़ से ज्यादा ऐसे लोग पाए गए थे जिनका कोई अस्तित्व ही नहीं था। इसमें अकेले मनरेगा के 4 करोड़ फर्जी लाभार्थी शामिल थे।

राहुल गांधी की राजनीतिक कार्यशैली पर तंज कसते हुए त्रिवेदी ने कहा कि राहुल खुद किस चुनाव में डेरा डालकर प्रचार करते हैं, यह सबको पता है। उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा कि ये लोग कामचोरी करते हैं और बात वोट चोरी की करते हैं, क्योंकि कांग्रेस आंतरिक रूप से पूरी तरह राजतंत्र वाली पार्टी है।