Jantar Mantar पर बड़ा बवाल: 700 से ज्यादा हिरासत में, आतिशी-सौरभ भारद्वाज भी रोके गए

jantar mantar

दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए प्रदर्शन ने काफी जोर पकड़ लिया। प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने 700 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया। इनमें आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेता और छात्र संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल हैं।

हिरासत में लिए गए नेताओं में सौरभ भारद्वाज, संजीव झा और आतिशी के नाम शामिल हैं। राज्यसभा सांसद संजय सिंह को भी पुलिस ने नॉर्थ एवेन्यू के पास रोक दिया। वहीं, जंतर-मंतर की तरफ बढ़ रहे कई अन्य प्रदर्शनकारियों को भी अलग-अलग जगहों पर रोका गया।

SIR को लेकर प्रदर्शन

दरअसल, राजनीतिक दलों के साथ AISA, SFI, NSUI और दूसरे छात्र संगठन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR में कथित गड़बड़ियों और बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने के आरोपों को लेकर विरोध कर रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, SFI से जुड़े करीब 700 लोग जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। इन्हें अशोक रोड गोलचक्कर के पास रोक दिया गया। इसके बाद कई लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों से करीब 700 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया।

नेताओं ने क्या कहा?

AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि उन्हें और संजीव झा को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद हिरासत में लिया गया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आंदोलन जारी रखने की अपील भी की।

प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने इंटरनेट सेवाओं को भी अस्थायी तौर पर बंद किया। इसके अलावा इलाके के कई मेट्रो स्टेशनों पर भी आवाजाही को लेकर पाबंदियां लगाई गईं।

मुंबई में भी प्रदर्शन का ऐलान

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध की आवाज दिल्ली तक सीमित नहीं रही। मुंबई में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने भी प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी की ओर से भी CEC के इस्तीफे की मांग की जा रही है।

वहीं, विपक्षी INDIA ब्लॉक ने भी देशभर में ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च निकालने का ऐलान किया है। इसके तहत अलग-अलग जिलों में प्रदर्शन की योजना है। विपक्षी सांसदों की ओर से चुनाव आयोग के दफ्तर तक मार्च का कार्यक्रम भी घोषित किया गया है।