मानसून की विदाई से पहले 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें दिल्ली-यूपी से बिहार तक का मौसम

highway

दक्षिण-पश्चिम मानसून सितंबर के आखिरी और अक्टूबर के पहले सप्ताह में अपनी विदाई की तैयारी कर रहा है, लेकिन इससे ठीक पहले देश के कई राज्यों में मानसूनी गतिविधियां फिर से तेज हो गई हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मंगलवार को देश के 13 राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और वज्रपात की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार, मानसून का सबसे ज्यादा असर पश्चिमी और तटीय इलाकों में देखने को मिलेगा। इस दौरान गुजरात में 50 किमी प्रति घंटे और महाराष्ट्र व गोवा में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा ‘डीप डिप्रेशन’

मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। यह सिस्टम अगले 48 घंटों में ‘डिप्रेशन’ और फिर ‘डीप डिप्रेशन’ में बदल सकता है। इसके पश्चिम-उत्तर दिशा में बढ़ते हुए बुधवार सुबह तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा तट के पास पहुंचने की संभावना है। इसके प्रभाव से गुरुवार को ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इस बीच मानसून राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों से लौट चुका है।

दिल्ली-NCR: साफ रहेगा मौसम

राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों (NCR) में मंगलवार को मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है। फिलहाल यहां बारिश की कोई गतिविधि नहीं देखी जाएगी। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

यूपी: गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में फिलहाल बारिश की गतिविधियां सीमित हैं, लेकिन मंगलवार को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश होने की आशंका है।

बिहार: 24-25 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी

बिहार के कई जिलों में आज (22 सितंबर) हल्की से मध्यम और कुछ जगह भारी बारिश का अनुमान है। बुधवार (23 सितंबर) से राज्य में मानसूनी बारिश रफ्तार पकड़ेगी। मौसम विभाग ने 24 और 25 सितंबर को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का कड़ा अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड और राजस्थान का मिजाज

  • उत्तराखंड: आज हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। हालांकि, 26 और 27 सितंबर को अधिकांश इलाकों में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

  • राजस्थान: आज ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिली रहेगी। जयपुर और कोटा समेत अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात का हाल

  • मध्य प्रदेश: मानसून एक बार फिर सक्रिय हो रहा है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर समेत कई जिलों में तेज बारिश, बिजली गिरने और आंधी-तूफान का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

  • महाराष्ट्र और गोवा: यहां भारी बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। तटीय इलाकों में 60 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

  • गुजरात (सौराष्ट्र-कच्छ): 50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है।