September 21, 2026

सर्दियों से पहले प्रदूषण नियंत्रण पर एक्शन, भूपेंद्र यादव और सीएम योगी की अहम बैठक

yogi

सर्दियों के मौसम में दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में गहराने वाले वायु प्रदूषण के संकट से निपटने के लिए केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार ने अभी से कमर कस ली है। केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। इस दौरान हवा की गुणवत्ता सुधारने के उपायों, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और सड़कों से उड़ने वाली धूल को रोकने की रणनीतियों पर जमीनी प्रगति का जायजा लिया गया।

‘मिशन मोड’ में लागू हों प्रदूषण नियंत्रण के उपाय

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और नियमों के सख्ती से पालन पर जोर दिया। उनका स्पष्ट कहना था कि सर्दियों से पहले के समय का पूरा इस्तेमाल करते हुए प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को ‘मिशन मोड’ में लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वायु गुणवत्ता में साफ सुधार लाने के लिए तय समय सीमा के भीतर काम पूरा करना और सरकार की सलाहों का सख्ती से पालन बेहद जरूरी है।

सड़क की धूल रोकने और MRSM की जियो-टैगिंग पर जोर

सड़कों से उड़ने वाली धूल को रोकने के लिए केंद्रीय मंत्री ने कई अहम कदम सुझाए। उन्होंने सड़कों को पूरी तरह पक्का करने, गड्ढों की मरम्मत, फुटपाथ बनाने और मानसून के दौरान स्थानीय घास-झाड़ियों से हरियाली बढ़ाने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

सड़क सफाई व्यवस्था को पारदर्शी और बेहतर बनाने के लिए उन्होंने मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों (MRSM) की तैनाती में आ रही कमियों को जल्द दूर करने को कहा। साथ ही सुझाव दिया कि सफाई कार्य की रियल-टाइम मॉनिटरिंग और जवाबदेही तय करने के लिए सभी MRSM को जियो-टैग किया जाए।

NCR में बढ़ेंगी इलेक्ट्रिक बसें, ईओएल (EOL) वाहनों पर सख्ती

इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की स्थिति की समीक्षा करते हुए यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश के एनसीआर नगर निगम क्षेत्रों में ई-बसों (Electric Buses) के संचालन और EV चार्जिंग स्टेशन लगाने के काम में तेजी लाई जानी चाहिए, क्योंकि मौजूदा बेड़े में काफी कमियां हैं।

उन्होंने ‘एंड-ऑफ-लाइफ’ (EOL) यानी अपनी उम्र पूरी कर चुके अनफिट वाहनों के निस्तारण पर भी कड़ा रुख अपनाया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे एनसीआर के बाहर योग्य ईओएल गाड़ियों को भेजने के लिए ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाएं और वैज्ञानिक तरीके से स्क्रैपिंग को बढ़ावा दें।

सीएम योगी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण रोकने के लिए केंद्र के उपायों का स्वागत किया। उन्होंने राज्य सरकार के सभी अधिकारियों को बैठक में चर्चा किए गए अलग-अलग बिंदुओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया।

इस मौके पर भूपेंद्र यादव ने यूपी में तेजी से बढ़ रहे ‘ट्री-कवर एरिया’ (पेड़-पौधों वाले क्षेत्र) के लिए राज्य सरकार की सराहना की। उन्होंने जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदूषण से असरदार ढंग से तभी निपटा जा सकता है जब ‘पूरी सरकार’ और ‘पूरा समाज’ मिलकर काम करे। इस समीक्षा बैठक में पर्यावरण राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, यूपी के पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार और परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह समेत राज्य के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।