मानसून की विदाई से पहले 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें यूपी-बिहार का मौसम
देश के कई हिस्सों से मानसून अब अपनी विदाई की ओर है, लेकिन जाते-जाते भी यह कई राज्यों में जमकर बरसने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को देश के 14 राज्यों में मौसम का मिजाज बिगड़ने और आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल मुख्य रूप से शामिल हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। भारी बारिश के चलते पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड और पूर्वोत्तर के राज्यों में बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव, इन राज्यों में दिखेगा असर पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस वेदर सिस्टम का असर तेज होने के कारण आगामी दिनों में कई राज्यों में भारी तबाही की आशंका है। मंगलवार और बुधवार को उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश होगी। इसके अलावा, मंगलवार से शुक्रवार तक दक्षिणी ओडिशा; बुधवार से शुक्रवार तक छत्तीसगढ़ और तेलंगाना; तथा गुरुवार व शुक्रवार को विदर्भ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है।
यूपी-बिहार और पूर्वी भारत में बारिश का दौर उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में शुक्रवार और शनिवार को गरज के साथ छींटे पड़ने और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, बिहार में भारी से लेकर व्यापक बारिश होने का अलर्ट है।
पूर्वी भारत के अन्य राज्यों— झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 26 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा। गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में 22-25 सितंबर के दौरान बारिश हो सकती है। झारखंड में आज तेज आंधी और ओडिशा में मंगलवार को बिजली गिरने के साथ तूफानी हवाएं चलने का अनुमान है।
दिल्ली, पंजाब में खिली धूप; पहाड़ी राज्यों में बारिश राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। यहां दिनभर तेज धूप खिली रहेगी। पंजाब में भी मौसम साफ रहेगा। वहीं, राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश के साथ आंधी आ सकती है।
पहाड़ी क्षेत्रों की बात करें तो रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल के साथ-साथ रामबन, राजौरी, रियासी और कठुआ में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में भी आज कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
मध्य और पूर्वोत्तर भारत में अलर्ट मध्य भारत में बारिश की गतिविधियां तेज रहेंगी। पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 से 26 सितंबर और पश्चिमी मध्य प्रदेश में शुक्रवार-शनिवार को भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में 24 सितंबर को मूसलाधार बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में सोमवार से शनिवार तक भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा, असम और मेघालय में 23-25 सितंबर तथा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में 22-24 सितंबर के बीच गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है।
