August 24, 2026

ब्रेजा-वेन्यू की बढ़ेगी टेंशन! 2027 में आ रही 4 नई कॉम्पैक्ट SUV, नई सॉनेट से लेकर नेक्स्ट-जेन नेक्सॉन तक पर नजर

renault_bridger_1_new_new_178757

ऑटो डेस्क। भारतीय कार बाजार में कॉम्पैक्ट एसयूवी की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है। यही वजह है कि कंपनियां इस सेगमेंट में नए मॉडल उतारने की तैयारी कर रही हैं। 2027 में कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में मुकाबला और ज्यादा दिलचस्प होने वाला है। मारुति सुजुकी ब्रेजा और हुंडई वेन्यू को चुनौती देने के लिए रेनो ब्रिजर, महिंद्रा विजन S, नई किआ सॉनेट और नेक्स्ट-जेनरेशन टाटा नेक्सॉन जैसे मॉडल बाजार में दस्तक दे सकते हैं। इन गाड़ियों में नए डिजाइन के साथ आधुनिक तकनीक और अलग-अलग पावरट्रेन विकल्प मिलने की उम्मीद है।

रेनो ब्रिजर से होगी सब-4 मीटर SUV सेगमेंट में वापसी
रेनो भारत के सब-4 मीटर एसयूवी सेगमेंट में ब्रिजर के जरिए वापसी कर सकती है। इस एसयूवी को दिवाली 2027 तक भारतीय बाजार में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। कंपनी इसे खासतौर पर भारतीय ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन और विकसित कर सकती है। इसमें रेनो का नया R-GMP प्लेटफॉर्म इस्तेमाल किए जाने की संभावना है।

ब्रिजर में पेट्रोल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के विकल्प दिए जा सकते हैं। कॉन्सेप्ट मॉडल में बॉक्सी और सीधा डिजाइन देखने को मिला था। इसके अलावा करीब 200 मिलीमीटर ग्राउंड क्लीयरेंस और लगभग 400 लीटर का बूट स्पेस भी इसकी खासियत रही है। माना जा रहा है कि उत्पादन मॉडल में भी इन डिजाइन और व्यावहारिकता से जुड़े पहलुओं को बरकरार रखा जा सकता है।

महिंद्रा विजन S में मिलेगा दमदार SUV वाला अंदाज
महिंद्रा विजन S कंपनी के नए NU_IQ प्लेटफॉर्म पर आधारित शुरुआती उत्पादन एसयूवी में शामिल हो सकती है। कॉन्सेप्ट की लंबाई 4 मीटर से कम बताई गई है, जबकि इसका व्हीलबेस 2,665 मिलीमीटर है। इसका बॉक्सी और सीधा डिजाइन महिंद्रा की बड़ी एसयूवी जैसा मजबूत और रगेड लुक देता है।

NU_IQ प्लेटफॉर्म को पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक जैसे अलग-अलग पावरट्रेन के लिए तैयार किया जा सकता है। इसके साथ फ्रंट-व्हील ड्राइव और ऑल-व्हील ड्राइव दोनों विकल्पों को भी इस्तेमाल किए जाने की संभावना है। हालांकि, उत्पादन मॉडल में कौन सा इंजन दिया जाएगा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसमें एक्सयूवी 3XO से जुड़ी इंजन तकनीक इस्तेमाल किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

नई किआ सॉनेट में प्लेटफॉर्म से लेकर फीचर्स तक होंगे बड़े बदलाव
किआ सॉनेट की दूसरी पीढ़ी को भी 2027 में बाजार में उतारे जाने की उम्मीद है। नई सॉनेट में सबसे बड़ा बदलाव इसके प्लेटफॉर्म को लेकर हो सकता है। कंपनी मौजूदा K2 प्लेटफॉर्म की जगह नए K1 आर्किटेक्चर का इस्तेमाल कर सकती है।

नए आर्किटेक्चर की वजह से एसयूवी में बेहतर इलेक्ट्रिकल सिस्टम, ओवर-द-एयर सॉफ्टवेयर अपडेट और रिमोट डायग्नोस्टिक्स जैसी सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। किआ नई सॉनेट में पिछली सीट पर बैठने वाले यात्रियों के लिए ज्यादा जगह भी दे सकती है। इसके अलावा बाहरी डिजाइन, केबिन और फीचर्स में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। नई सॉनेट के लिए हाइब्रिड पावरट्रेन पर भी कंपनी विचार कर रही है।

नेक्स्ट-जेन टाटा नेक्सॉन भी बदल सकती है पूरा खेल
टाटा मोटर्स की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी नेक्सॉन की अगली पीढ़ी भी 2027 में बाजार में आ सकती है। नई नेक्सॉन में नए डिजाइन के साथ अपडेटेड प्लेटफॉर्म मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने अभी इसके पावरट्रेन को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

हालांकि, मौजूदा पावरट्रेन लाइनअप को देखते हुए नई नेक्सॉन में पेट्रोल, टर्बो-पेट्रोल और डीजल इंजन विकल्प जारी रहने की संभावना है। नई पीढ़ी के मॉडल में डिजाइन, तकनीक, फीचर्स और ड्राइविंग अनुभव को लेकर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

ब्रेजा और वेन्यू के सामने बढ़ेगी चुनौती
कॉम्पैक्ट एसयूवी सेगमेंट में पहले से ही ब्रेजा, वेन्यू, नेक्सॉन, सॉनेट और एक्सयूवी 3XO जैसे मॉडल मौजूद हैं। अब 2027 में नए मॉडल आने से ग्राहकों के पास विकल्प और बढ़ जाएंगे। रेनो ब्रिजर, महिंद्रा विजन S, नई सॉनेट और नेक्स्ट-जेन नेक्सॉन के आने से कंपनियों के बीच डिजाइन, फीचर्स, पावरट्रेन और तकनीक को लेकर मुकाबला और तेज होने की उम्मीद है।