August 24, 2026

दिन में गाड़ी चलाते समय यह काम नहीं किया तो कटेगा चालान, पुलिस की सख्त बढ़ी

Traffic_Challan_1726808112559_17

लखनऊ: ट्रैफिक नियमों को लेकर यूपी में पुलिस सख्त हो गई है। दिन में सड़क पर गाड़ी चलाते समय अचानक मोड़ लेने और इसके लिए इंडिकेटर का इस्तेमाल नहीं करने वाले ड्राइवरों पर अब यातायात पुलिस शिकंजा कसने जा रही है। दिन के उजाले में भी वाहन मोड़ते समय इंडिकेटर नहीं जलाने पर चालान किया जाएगा। खासकर दोपहिया वाहन चालकों की मनमानी पर पुलिस की नजर है, जो कई बार पीछे से आने वाले वाहनों को संकेत दिए बिना अचानक हाथ देकर या सीधे वाहन मोड़ देते हैं। इससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।

यातायात पुलिस ने अभियान के तहत पिछले तीन दिनों में बिना इंडिकेटर का इस्तेमाल किए वाहन मोड़ने वाले 27 वाहनों का चालान किया है। इनमें 22 दोपहिया और पांच चारपहिया वाहन शामिल हैं। पुलिस अब ऐसे वाहनों पर भी कार्रवाई करेगी, जिनके इंडिकेटर टूटे हुए हैं या काम नहीं कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि वाहन में इंडिकेटर लगा होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि चालक को जरूरत के समय उसका इस्तेमाल भी करना होगा।

ध्यान नहीं रखने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं

शहर की सड़कों पर अचानक लेन बदलने, बिना संकेत दिए मोड़ लेने और पीछे से आ रहे वाहनों का ध्यान नहीं रखने के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। दोपहिया वाहनों में यह समस्या और गंभीर है। कई चालक हाथ से इशारा कर वाहन मोड़ते हैं, लेकिन रात, भीड़भाड़ या तेज रफ्तार यातायात में यह संकेत पीछे चल रहे वाहन चालक को समय पर दिखाई नहीं देता। ऐसे में टक्कर की आशंका बढ़ जाती है।

नियमों का पालन होने से ही सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती: डीसीपी

डीसीपी यातायात नीरज पांडेय ने बताया कि यातायात नियमों का पालन करना हर वाहन चालक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन होने से ही सड़क हादसों में कमी लाई जा सकती है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर ‘शून्य मृत्यु दर’ अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वाहन चालकों को जागरूक करने के साथ नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा रही है। दिन के उजाले में भी वाहन मोड़ते समय इंडिकेटर का इस्तेमाल करना जरूरी है। आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के चालान किए जाएंगे।