डिजिटल बैंक डूबा तो चली गई राष्ट्रपति की कुर्सी: पैराग्वे में सैंटियागो पेना पर महाभियोग, 30 लाख लोगों की फंसी है जीवनभर की कमाई
दक्षिण अमेरिकी देश पैराग्वे में एक डिजिटल बैंक के डूबने से ऐसा राजनीतिक तूफान खड़ा हुआ कि देश के राष्ट्रपति को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ गई। ‘यूएनो बैंक’ (Ueno Bank) के दिवालिया होने और लाखों लोगों की बचत फंसने के बाद राष्ट्रपति सैंटियागो पेना (Santiago Peña) को न सिर्फ महाभियोग चलाकर पद से हटाया गया, बल्कि शुक्रवार को संसद में प्रस्ताव पारित होने के कुछ ही मिनटों के भीतर उन्हें गिरफ्तार कर नजरबंद भी कर दिया गया।
पेना पर हितों के टकराव, नियामक व्यवस्था में दखलंदाजी और पेंशन फंड की रकम के गलत इस्तेमाल जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। हालांकि, उन्होंने किसी भी गड़बड़ी से इनकार किया है।
सांसदों ने ठुकराया इस्तीफा, अपनी ही पार्टी ने किया खिलाफ मतदान
बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, संकट को भांपते हुए राष्ट्रपति पेना ने गुरुवार को ही पद छोड़ने की पेशकश कर दी थी। लेकिन, सांसदों ने उनका इस्तीफा स्वीकार करने के बजाय महाभियोग का रास्ता चुना ताकि उन्हें आधिकारिक तौर पर ‘कदाचार’ का दोषी ठहराया जा सके।
खास बात यह रही कि उन्हें हटाने के पक्ष में उनकी अपनी पार्टी के सांसदों ने भी वोट किया। सीनेट में 45 में से 44 सीनेटरों ने उनके खिलाफ मतदान किया (एक सांसद अनुपस्थित रहा)। महाभियोग के कारण पेना को न केवल पद से हटना पड़ा, बल्कि पूर्व राष्ट्रपति को मिलने वाली कानूनी छूट और आजीवन सीनेट की सदस्यता भी गंवानी पड़ी।
अभियोजक सिल्विया मार्गरीटा गोंजालेज वेस्टर के अनुसार, अब पेना से शनिवार को विश्वासघात, पद के प्रभाव का गलत इस्तेमाल और सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोपों पर पूछताछ की जाएगी।
क्या है ‘यूएनो बैंक’ संकट, जिसमें फंसी आधी आबादी की बचत?
इस पूरे राजनीतिक भूचाल की शुरुआत मंगलवार तड़के हुई, जब वित्तीय नियामकों ने तेजी से उभरते यूएनो बैंक (Ueno Bank) को अपने नियंत्रण में ले लिया। जमा राशि के लिहाज से यह पराग्वे का पांचवां सबसे बड़ा बैंक बन चुका था।
बैंक के बंद होने से पैराग्वे की आधी से अधिक आबादी प्रभावित हुई है। करीब 30 लाख जमाकर्ता (depositors) अब अपनी बचत और पेंशन की रकम नहीं निकाल पा रहे हैं। इस वित्तीय संकट के विरोध में देशभर में, खासकर राजधानी असुनसियोन में भारी प्रदर्शन हो रहे हैं।
महाभियोग में पेना पर क्या आरोप लगे?
-
सांसदों का आरोप है कि राष्ट्रपति पेना ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल कर सरकारी खजाने का पैसा यूएनो बैंक तक पहुंचाया।
-
आरोप है कि पेना के दबाव में नियामक संस्थाओं (regulatory bodies) ने बैंक की संदिग्ध ऋण प्रक्रियाओं और उसके मालिकों से जुड़ी कंपनियों के लेनदेन पर जानबूझकर आंखें मूंदे रखीं।
-
महाभियोग की कार्यवाही में राज्य के ‘पेंशन फंड’ का मुद्दा भी उठा, जिसके तहत कानून में तय सीमा से अधिक (करीब 355 मिलियन डॉलर) की रकम यूएनो बैंक में जमा की गई थी।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल तक पेना खुद उस कंपनी में हिस्सेदार थे, जिसके पास यूएनो बैंक का स्वामित्व था। उनके बचाव पक्ष के वकील रिकार्डो प्रेडा ने इन आरोपों को “गैर-जिम्मेदाराना और अवसरवादी” बताया है।
पेद्रो अलियाना बने नए अंतरिम राष्ट्रपति
पेना को हटाए जाने के तुरंत बाद, उपराष्ट्रपति पेद्रो अलियाना (Pedro Alliana) ने अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। वह वर्ष 2028 तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे। शपथ ग्रहण के बाद उन्होंने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि इस वित्तीय संकट के कारण जिन लोगों को नुकसान हुआ है, उन्हें उनकी पूरी भरपाई की जाएगी।
गुरुवार को देश के नाम अपने संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति पेना ने खेद जताते हुए कहा था कि लोगों ने उन पर जो भरोसा किया था, उसे तोड़ना उनका इरादा कभी नहीं था। विश्लेषकों का मानना है कि इस बड़े बैंकिंग घोटाले को लेकर पेना पर अब लंबा मुकदमा चल सकता है।
