दिल्ली के चावड़ी बाजार में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन 3 मंजिला इमारत ढही, 2 की मौत, मलबे में 15 लोगों के दबे होने की आशंका

delhi

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बड़े हादसे की खबर है। मध्य दिल्ली के भीड़भाड़ वाले चावड़ी बाजार इलाके में गुरुवार सुबह एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत अचानक भरभरा कर ढह गई। दिल्ली पुलिस ने अब तक इस हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। मौके पर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।

मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका

दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मलबे के नीचे कम से कम 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है और इस हादसे में कई लोग घायल हुए हैं।

दमकल विभाग के अनुसार, उन्हें सुबह करीब 9:50 बजे गली सत्तारा, शीश महल (मेट्रो स्टेशन के सामने) में इस हादसे की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। मलबे में लोगों के दबे होने की गंभीरता को देखते हुए बाद में एक और गाड़ी और अतिरिक्त अधिकारियों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया।

संकरी गलियों के कारण रेस्क्यू में आ रही दिक्कत

स्थानीय लोगों का कहना है कि इमारत में निर्माण कार्य चल रहा था और वहां काफी मजदूर मौजूद थे। सुबह करीब 10 बजे बिल्डिंग अचानक से गिर गई। चूंकि यह पुरानी दिल्ली का इलाका है और गलियां बेहद संकरी हैं, इसलिए फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमों को भारी मशीनें अंदर ले जाने और रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल उनकी पहली प्राथमिकता मलबे में दबे हुए लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकालना और घायलों को अस्पताल पहुंचाना है। हादसे में प्रभावित लोगों का सही आंकड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही सामने आ पाएगा।

MCD की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल

यह दिल्ली में इस तरह का पहला हादसा नहीं है। इससे पहले 6 सितंबर को दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में भी एक पांच मंजिला इमारत ढह गई थी। उस इमारत में एक पीजी (पेइंग गेस्ट) चल रहा था और उस हादसे में दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्रों सहित 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने ऐसी जर्जर और खतरनाक इमारतों को चिन्हित करने का अभियान भी चलाया था। इसके बावजूद आज चावड़ी बाजार में फिर से एक निर्माणाधीन इमारत का गिरना एमसीडी की कार्यप्रणाली और इमारतों के निर्माण में बरती जा रही लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।