मुश्ताक खान का जनाजा निकला तो दिखे सिर्फ अपने, बॉलीवुड सितारे रहे नदारद

Mushtaq Khan Death

Mushtaq Khan Death: बॉलीवुड से एक और दिल दहला देने वाली खबर आई है. ‘वेलकम’ फिल्म के यादगार किरदार बल्लू बनकर दिलों में घर बनाने वाले एक्टर मुश्ताक खान हमेशा के लिए दुनिया से विदा हो गए. गुरुवार शाम उन्होंने आखिरी सांसें लीं. वो पिछले काफी अरसे से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी से जंग लड़ रहे थे. आज उनका अंतिम संस्कार किया गया, लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात ये रही की जनाजे में बॉलीवुड का एक भी बड़ा चेहरा नहीं दिखा.

57 साल की उम्र में कैंसर ने छीन ली जान

मुश्ताक खान का निधन 24 सितंबर को मुंबई के नानावटी अस्पताल में हुआ. वह लीवर कैंसर से लड़ते-लड़ते हार गए। दशकों तक अपनी हास्य अदाकारी से दर्शकों के चेहरों पर मुस्कान लौटाने वाले इस कलाकार को शुक्रवार को मुंबई की यारी रोड स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया.

जनाजे में कोई बड़ा स्टार नहीं पहुंचा 

बॉलीवुड के कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जरूर पोस्ट किए, लेकिन जनाजे में कोई बड़ा स्टार नहीं दिखा।  मुश्ताक खान की अंतिम यात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, इस  वीडियो में सिर्फ उनके बेटे मोहसिन खान, परिवार के कुछ करीबी लोग और गिने-चुने दोस्त ही नजर आ रहे हैं.

बेटे मोहसिन की दिल छू लेने वाली बात

इस गहरे दुख के बीच मुश्ताक खान के बेटे मोहसिन खान की एक बात ने सबका दिल छू लिया. पिता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि ये बेशक दुख की घड़ी है, लेकिन जिन लोगों ने उन्हें प्यार दिया और उनका काम पसंद किया, उन्हें उनकी जिंदगी और उनके काम को भी सेलिब्रेट करना चाहिए.

मोहसिन ने ये भी बताया कि पिता पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे, लेकिन उससे पहले तक वो शूटिंग कर रहे थे और काम पर लौटने की उम्मीद ही नहीं छोड़ रहे थे.