क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से लिया संन्यास, 23 साल के शानदार करियर को कहा अलविदा

Cristiano Ronaldo

फुटबॉल जगत से एक बेहद चौंकाने वाली और बड़ी खबर सामने आई है। पुर्तगाल के महान खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। रोनाल्डो ने गुरुवार (05 नवंबर) को सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी कर अपने इस फैसले की जानकारी दी। खेल इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में शुमार रोनाल्डो ने अपने 23 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत कर दिया। हालांकि, उनके शानदार करियर में एक टीस हमेशा रही कि वह कभी फीफा विश्व कप (World Cup) नहीं जीत सके।

वीडियो में क्या बोले रोनाल्डो?

अपने संन्यास के वीडियो संदेश में रोनाल्डो ने पुर्तगाली नागरिकों और प्रशंसकों के नाम एक बहुत ही भावुक संदेश दिया। उन्होंने कहा:

“पुर्तगाली लोगों के लिए, हमारी नेशनल टीम की नंबर 7 जर्सी को वापस लौटाने का दिन आ गया है। मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह सिर्फ मेरी होगी। लेकिन 23 सालों तक, मुझे इसे पहनने, इसकी रक्षा करने और दुनिया भर के स्टेडियमों में इसे अपने साथ ले जाने का सौभाग्य और जिम्मेदारी मिली। आज, इसे आने वाली पीढ़ी को सौंपने का वक्त आ गया है। यह कोई आसान फैसला नहीं था।”

उन्होंने आगे कहा कि कुछ फैसले दिल से लिए जाते हैं। अगस्त 2003 में शुरू हुआ यह सफर उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल गया। रोनाल्डो ने कहा कि जब वे पीछे मुड़कर देखते हैं, तो उन्हें सिर्फ गोल या ट्रॉफियां ही नहीं, बल्कि वे लोग और प्रवासी दिखाई देते हैं जिन्हें मैदान पर खेलते हुए पुर्तगाल अपने देश के और करीब महसूस हुआ। “क्योंकि आखिरकार, फुटबॉल महज एक खेल से कहीं बढ़कर है, फुटबॉल का मतलब ही लोग हैं।”

जर्सी के लिए झोंक दिया अपना सब कुछ

अपने 23 साल के लंबे सफर को याद करते हुए रोनाल्डो ने कहा कि उन्होंने हमेशा अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने की कोशिश की। वे जीतना चाहते थे, सबसे बेहतरीन बनना चाहते थे और इतिहास रचनाना चाहते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके करियर में कुछ बेहतरीन रातें थीं जिन्हें वे कभी नहीं भूल सकते, तो कुछ ऐसी हार और असफलताएं भी थीं जिन्होंने बहुत तकलीफ दी।

उन्होंने कहा, “कुछ ऐसे पल भी आए जब मैं पुर्तगाल के लोगों को वह नहीं दे पाया जिसकी वे बहुत चाहत रखते थे। लेकिन मैंने कभी हार नहीं मानी। और सबसे बड़ी बात, पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व करने पर मुझे हमेशा गर्व महसूस होता रहा।”

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर

क्रिस्टियानो रोनाल्डो का अंतरराष्ट्रीय करियर रिकॉर्डतोड़ और ऐतिहासिक रहा है:

  • डेब्यू: रोनाल्डो ने 20 अगस्त 2003 को कजाकिस्तान के खिलाफ अपना इंटरनेशनल डेब्यू किया था।

  • पहला गोल: उन्होंने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल 2004 में ग्रीस के खिलाफ दागा था।

  • कुल मैच: रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 234 मैच खेले।

  • कुल गोल: उन्होंने अपने देश के लिए रिकॉर्ड 146 गोल दागे, जो पुरुष अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में इतिहास का सबसे बड़ा आंकड़ा है।