‘औरंगजेब की बात करने वालों को राम कैसे बुलाएंगे?’, अखिलेश पर बरसे अनिल राजभर
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल राजभर ने राम मंदिर दर्शन को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव से जब अयोध्या स्थित राम मंदिर में दर्शन करने को लेकर सवाल पूछा गया था, तो उन्होंने कहा था कि जब भगवान बुलाते हैं, तभी कोई व्यक्ति दर्शन के लिए जाता है। इस पर पलटवार करते हुए अनिल राजभर ने तंज कसा कि अगर अखिलेश यादव अयोध्या जाएंगे तो उनके ‘टोपी वाले भाई’ नाराज हो जाएंगे, इसलिए उनमें वहां जाने की हिम्मत नहीं है।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस (IANS) से बातचीत में मंत्री अनिल राजभर ने कहा, “मसूद की मजार को सजाने वालों, बाबर और औरंगजेब की बात करने वालों को प्रभु श्रीराम कैसे बुलाएंगे? जिन लोगों ने सनातन का हमेशा से अपमान किया, उन्हें प्रभु बुलाएंगे भी नहीं। ऐसे लोगों में हिम्मत ही नहीं है कि जाकर दर्शन कर लें।”
‘सपा ने कभी सनातन का सम्मान नहीं किया’
अनिल राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव दर्शन न करने के बहाने ढूंढते हुए सीधे भगवान पर ही सवाल खड़े कर रहे हैं, जिससे उनकी मानसिकता साफ उजागर होती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने कभी सनातन के मूल्यों की बात नहीं की। राजभर के मुताबिक, प्रदेश का सनातनी समाज और प्रबुद्ध नागरिक सपा नेताओं की इस तरह की दोहरी राजनीति और टिप्पणियों को भली-भांति समझते हैं।
इंडिया ब्लॉक के अस्तित्व पर सवाल
अखिलेश यादव के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया ब्लॉक’ की बैठकों से दूरी बनाने पर भी कैबिनेट मंत्री ने सवाल उठाए। राजभर ने दावा किया कि जमीनी स्तर पर इस गठबंधन का कोई वजूद ही नहीं बचा है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, दिल्ली और हरियाणा के विधानसभा चुनाव बीत चुके हैं, लेकिन किसी भी राज्य में यह गठबंधन एक साथ नजर नहीं आया। इसके अलावा पंजाब में भी आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच लगातार बयानबाजी चल रही है। राजभर ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग केवल जनता की आंखों में धूल झोंकने और रोज नए-नए एजेंडे बदलने का काम करते हैं।
सपा को ‘गिरगिट’ कहे जाने पर मुख्यमंत्री का समर्थन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा समाजवादी पार्टी की तुलना ‘गिरगिट’ से किए जाने पर अनिल राजभर ने पूरी सहमति जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह बयान पूरी तरह सच है और इसमें कोई असत्य नहीं है। राजभर ने कहा कि सपा नेता राजनीतिक लाभ के लिए रोज नए मुद्दे तलाशते हैं और हर संवेदनशील मामले पर केवल राजनीति करने और जनता को गुमराह करने की कोशिश में जुटे रहते हैं।
