बड़ा खुलासा: मुफ्त राशन ले रहे 13.2% लाभार्थी अपात्र, पश्चिम बंगाल में दर सबसे अधिक

rashan

देश में करीब 81 करोड़ लोगों को हर महीने मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने वाली प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) की 2025-26 की समीक्षा में बड़ी खामी सामने आई है। सर्वे के अनुसार, राशन लेने वाले हर 100 में से लगभग 13.2 लाभार्थी अपात्र पाए गए हैं। इनमें वे परिवार शामिल हैं जिनके पास तीन या अधिक कमरों वाला पक्का मकान, कार, एयर कंडीशनर है या परिवार का कोई सदस्य सरकारी नौकरी में है। यह आकलन सभी 36 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के 51,303 लाभार्थी परिवारों के सैंपल पर आधारित है।

वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार का कुल खाद्य सब्सिडी बिल 2.28 लाख करोड़ रुपये रहा, जो कुल 4.69 लाख करोड़ रुपये के सब्सिडी बिल का लगभग आधा है। ऐसे में अपात्र लाभार्थियों की मौजूदगी से सब्सिडी के उपयोग पर सवाल खड़े हुए हैं।

किस राज्य में कितने अपात्र?

सर्वे के मुताबिक, राज्यों के बीच अपात्र लाभार्थियों की दर में बड़ा अंतर है:

  • अधिक अपात्र दर वाले राज्य: पश्चिम बंगाल में यह दर सबसे अधिक 39.5 प्रतिशत दर्ज की गई, जिसके बाद त्रिपुरा (39.2 प्रतिशत) और तमिलनाडु (38.7 प्रतिशत) का स्थान है। बिहार (25.5 प्रतिशत), ओडिशा (22.9 प्रतिशत), पंजाब (20.6 प्रतिशत) और महाराष्ट्र (20.3 प्रतिशत) में भी यह दर 20 प्रतिशत से अधिक रही।

  • कम अपात्र दर वाले राज्य: जम्मू-कश्मीर में यह दर महज 0.3 प्रतिशत और मध्य प्रदेश में 0.5 प्रतिशत रही। हरियाणा (1.0 प्रतिशत), दिल्ली (1.0 प्रतिशत) और राजस्थान (1.8 प्रतिशत) में भी आंकड़े काफी कम हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में त्रुटि दर अधिक है, जबकि उत्तरी और पश्चिमी राज्यों में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है।

समस्या की जड़ और राज्यों के अलग-अलग नियम

रिपोर्ट के अनुसार, इस स्थिति की एक प्रमुख वजह योजना का ढांचा है। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) 2013 की धारा 9 के तहत कुल लाभार्थियों की संख्या केंद्र तय करता है, जबकि धारा 10 के तहत पात्र परिवारों की पहचान और दिशानिर्देश बनाने की जिम्मेदारी राज्यों की है।

विभिन्न राज्यों में आय, संपत्ति, जमीन या नौकरी को लेकर अलग-अलग मानदंड हैं। कई राज्यों द्वारा सूचियों को समय पर अद्यतन न किए जाने के कारण आर्थिक स्थिति सुधरने के बावजूद कई परिवार लाभ लेते रहे।

e-KYC अभियान और ‘एक्सक्लूजन एरर’ का खतरा

अपात्र लाभार्थियों को हटाने के लिए आधार-आधारित ई-केवाईसी (e-KYC) अभियान चलाया जा रहा है। जून 2026 तक 8.51 करोड़ संदिग्ध लाभार्थियों की पहचान हुई थी, जिनमें से राज्यों ने अब तक 2.21 करोड़ राशन कार्ड रद्द किए हैं। देशभर में 87 प्रतिशत से अधिक लाभार्थियों का e-KYC पूरा हो चुका है और ओडिशा में यह आंकड़ा 97 प्रतिशत तक पहुंचा है।

दूसरी ओर, केवल e-KYC के आधार पर सख्ती करने से ‘एक्सक्लूजन एरर’ यानी असली जरूरतमंदों के बाहर होने का खतरा भी बताया गया है। आधार से जुड़ी तकनीकी समस्या, बायोमेट्रिक मिलान न होने या दूरदराज के क्षेत्रों में इंटरनेट की कमी के कारण पात्र लाभार्थी वंचित हो सकते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, पात्रता मानदंडों को नियमित रूप से अद्यतन करने और आय व संपत्ति में बदलाव को स्वचालित रूप से ट्रैक करने वाली व्यवस्था की आवश्यकता है।