आरक्षित सीट से चुनाव लड़ चुके कौल नेगी का SC प्रमाणपत्र रद्द, जानिए पूरा मामला
विधायक नंद लाल के निधन के बाद शिमला जिले के रामपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की हलचल तेज होने के बीच बीजेपी प्रत्याशी रहे कौल नेगी का अनुसूचित जाति (SC) प्रमाण पत्र रद्द कर दिया गया है। पूर्व बीजेपी नेता और सेवानिवृत्त आईएएस (IAS) अधिकारी प्रेम सिंह दरैक की अपील पर सुनवाई करते हुए एसडीएम (SDM) सिविल रामपुर ने यह आदेश सुनाया।
शिमला में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रेम सिंह दरैक ने बताया कि एसडीएम रामपुर के आदेश के तहत तहसीलदार रामपुर द्वारा 29 अक्टूबर 2022 को पारित आदेश तथा 16 अगस्त 2022 को जारी अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र को रद्द कर दिया गया है।
बिना क्षेत्राधिकार और सत्यापन के जारी हुआ था प्रमाण पत्र
एसडीएम के आदेश के अनुसार, संबंधित प्रमाण पत्र बिना क्षेत्राधिकार वाले अधिकारी द्वारा और बिना उचित सत्यापन के जारी किया गया था। एसडीएम ने तहसीलदार रामपुर को निर्देश दिया है कि प्रमाण पत्र के रद्दीकरण को राजस्व रिकॉर्ड और ऑनलाइन पोर्टल में दर्ज किया जाए।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि कौल नेगी जिला किन्नौर के सक्षम अधिकारी के समक्ष एससी-एसटी प्रमाण पत्र के लिए दोबारा आवेदन कर सकते हैं। आदेश के मुताबिक, किन्नौर जिले के राजस्व अधिकारियों की जांच के बिना किसी को कोली जाति के लिए पात्र नहीं ठहराया जा सकता।
पूर्व बीजेपी सरकार पर संरक्षण देने का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व आईएएस अधिकारी प्रेम सिंह दरैक ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर वे फर्जी प्रमाण पत्र बनाने के मामले में पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराएंगे। उन्होंने पूर्व बीजेपी सरकार पर कौल नेगी को संरक्षण देने का आरोप लगाया और इसे अनुसूचित जाति के अधिकारों का हनन बताया।
