नितिन नवीन का राहुल गांधी पर हमला: ‘2029 में भी लाल किले से बोलेंगे PM मोदी’

nitin nabin

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहीं नहीं जा रहे हैं और 2029 में भी लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते नजर आएंगे। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे सपने देखते रहें, जबकि देश का युवा, किसान, महिला, मजदूर और हर वर्ग पूरी मजबूती के साथ प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है।

तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित ‘सेव डेमोक्रेसी, रिमूव एनार्की’ पदयात्रा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने राहुल गांधी के ‘वोट चोरी’ संबंधी बयानों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि देश की जनता का समर्थन बीजेपी और पीएम मोदी के साथ है और करीमनगर की जनता ने अपने आशीर्वाद से इसे साबित कर दिया है।

‘वोट कटने’ के दावे पर आंकड़ों के साथ पलटवार

राहुल गांधी के 13 करोड़ वोट कटने के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए नितिन नवीन ने पूछा कि 6 करोड़ से अधिक लोग अपना स्थान बदल चुके हैं और तेलंगाना में भी लाखों लोगों ने अपना वोट दूसरी जगह ट्रांसफर कराया है, तो क्या ऐसे लोगों को दो जगह वोट डालने की अनुमति दी जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि शेष 3 करोड़ लोगों के बारे में चुनाव आयोग ने 2003 में भी जानकारी जुटाई थी, जिनका कोई स्पष्ट रिकॉर्ड नहीं है, और राहुल गांधी ऐसे ही लोगों के समर्थन में आवाज उठा रहे हैं। नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी घुसपैठियों के वोटों की वकालत करते हैं। उनके अनुसार, इंडिया गठबंधन पूरी ताकत लगाने के बावजूद एक रामलीला मैदान नहीं भर पाया, जबकि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने 200 से अधिक स्थानों पर रामलीला मैदान से कहीं अधिक लोगों को जुटाया।

आपातकाल, अर्थव्यवस्था और तेलंगाना सरकार पर निशाना

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए नितिन नवीन ने कहा कि जिन लोगों ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या की थी, वे आज लोकतंत्र की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश के भीतर और बाहर भारत का अपमान करते हैं और कहते हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था संकट में है, जबकि देश ‘फ्रैजाइल फाइव’ से निकलकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है और बीजेपी कार्यकर्ता अब उसे जवाबदेह ठहराएंगे। उन्होंने कहा कि 2014 से पीएम मोदी राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित सेवक के रूप में काम कर रहे हैं, जबकि कांग्रेस के लिए राजनीति सत्ता और विशेषाधिकार का माध्यम रही है।