जापान और रूस पीछे, भारत ने एशिया में तीसरी सबसे बड़ी ताकत का स्थान बरकरार रखा

Indian Independence Day - concepts

National Flag of India

लोवी इंस्टीट्यूट (Lowy Institute) की एशिया पावर इंडेक्स रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने क्षेत्रीय राजनीति, कूटनीति, रक्षा सहयोग और सांस्कृतिक प्रभाव के मोर्चे पर प्रदर्शन करते हुए 40.5 अंक हासिल किए हैं और वह तीसरे स्थान पर बना हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2018 में इंडेक्स की शुरुआत के बाद से भारत और चीन की शक्ति के बीच का अंतर सबसे कम दर्ज किया गया है।

हालांकि, रिपोर्ट यह भी बताती है कि चीन की ताकत अभी भी भारत की तुलना में 80 प्रतिशत अधिक है। 78.9 अंकों के साथ अमेरिका पहले और 73.6 अंकों के साथ चीन दूसरे स्थान पर है। जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे तथा रूस 32.2 अंकों के साथ पांचवें नंबर पर काबिज है।

इकोनॉमिक कैपिबिलिटी और GDP पर रुपये का असर

आर्थिक मोर्चे पर भारत के लिए यह वर्ष मिला-जुला रहा। भारत की इकोनॉमिक कैपिबिलिटी का स्कोर थोड़ा गिरकर 26.4 अंक पर आ गया, लेकिन वह इस श्रेणी में भी तीसरे स्थान पर बरकरार रहा।

रिपोर्ट के अनुसार, रुपये में कमजोरी के कारण भारत की GDP पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा और विदेशों में किए जाने वाले निवेश में लगभग 20 अरब डॉलर की कमी आई। इसके बावजूद फ्यूचर रिसोर्स पर इसका असर नहीं पड़ा और बेहतर आर्थिक पूर्वानुमानों के चलते भारत का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया।

डिप्लोमेटिक इनफ्लुएंस और पीएम मोदी को लेकर राय

भारत का सबसे मजबूत पक्ष डिप्लोमेटिक इनफ्लुएंस रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, जब कई देशों का स्कोर कमजोर पड़ रहा था, तब भारत की स्थिति स्थिर बनी रही और इसका स्कोर केवल मामूली रूप से घटकर 70.3 अंक पर रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व को लेकर विशेषज्ञों के आकलन में सुधार आया, जिससे भारत की रैंकिंग में तीन स्थानों की बढ़त हुई। इंडेक्स के अनुसार, पीएम मोदी को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना जा रहा है।

आर्थिक संबंधों में दो पायदान की छलांग

क्षेत्रीय व्यापार संबंधों और निवेश में स्थिरता के कारण भारत उन पांच देशों में शामिल रहा, जिनके आर्थिक संबंधों के स्कोर में कोई गिरावट नहीं आई। इस प्रदर्शन के दम पर भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गया।