‘राधे-राधे’ पर सियासी संग्राम, केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक ने अखिलेश को घेरा

Akhilesh-Yadav-4

‘राधे-राधे’ के नारे को लेकर समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव की टिप्पणी पर उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने पलटवार किया है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि ‘राधे-राधे’ केवल नारा नहीं, बल्कि भक्ति की भावना प्रकट करने का माध्यम है।

मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि जब ‘जय श्रीराम’ का नारा लगता है तो कौन घबराता है और अब ‘राधे-राधे’ का नारा लग रहा है तो कौन घबरा रहा है। उन्होंने कहा, “जैसे हम लोगों ने कहा कि राधे-राधे कमल खिला दे तो उनको अपनी पंचर साइकिल नहीं दिखाई देती है, उनको कमल मुरझाया हुआ दिखाई दे रहा है तो उनकी आंखों में दोष है। अपनी आंखों का इलाज कराएं।”

2027 और 2047 तक सत्ता को लेकर केशव प्रसाद मौर्य का दावा

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि कमल खिला हुआ है और 2047 तक सपा सत्ता में आने वाली नहीं है। उनके मुताबिक, जनता के आशीर्वाद और प्रचंड बहुमत से भारतीय जनता पार्टी (BJP) तीसरी बार सरकार बनाएगी।

सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मौर्य ने कहा कि अयोध्या में ‘जय श्रीराम’ गूंजता है तो ब्रज में लोग ‘राधे-राधे’ कहकर एक-दूसरे का हाल पूछते हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब प्रदेश की जनता को सपा से पूछकर अपने आराध्य का नाम लेना पड़ेगा। मौर्य ने कहा कि ‘जय श्रीराम’ भी गूंजेगा और ‘राधे-राधे’ भी, तथा 2027 में सत्ता में लौटने का सपा का सपना फिर टूटेगा।

ब्रजेश पाठक ने कारसेवकों और सनातन संस्कृति का किया जिक्र

वहीं, ‘राधे-राधे’ नारे पर अखिलेश यादव की टिप्पणी को लेकर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी सपा प्रमुख को घेरा। पाठक ने कहा, “अगर अखिलेश जी को सनातन संस्कृति की थोड़ी भी बुनियादी जानकारी होती तो उनके कार्यकाल में उनकी पार्टी निहत्थे कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश नहीं देती।”

ब्रजेश पाठक ने आगे कहा कि वे निश्चित रूप से अयोध्या जाकर प्रभु रामलला का आशीर्वाद लेते और भगवान कृष्ण का आशीर्वाद लेने के लिए कृष्ण जन्मभूमि भी जाते। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं और उन्हें राम-राम या राधे-राधे से कुछ लेना-देना नहीं है।