यूपी चुनाव 2027: वोटर लिस्ट में जुड़े 20 लाख नए नाम, 17 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट सूची

navdeep

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची (Voter List) को अपडेट करने का काम तेज हो गया है। राज्य में पिछले सात महीने के भीतर करीब 20 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। अप्रैल में जहां प्रदेश की मतदाता सूची में 13.39 करोड़ वोटर दर्ज थे, वहीं नवंबर तक यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 13.59 करोड़ पहुंच गया है। चुनाव आयोग अभी भी उन लोगों को जोड़ने के लिए लगातार अभियान चला रहा है, जिनके नाम सूची से छूट गए हैं।

17 नवंबर को जारी होगी ड्राफ्ट सूची, 16 दिसंबर तक मौका

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर को राज्य की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद आम नागरिक अपना और अपने परिवार का नाम इस सूची में चेक कर सकेंगे। जिनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। यह पूरी प्रक्रिया 16 दिसंबर तक चलेगी। 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी मतदाता बनने के लिए इस दौरान आवेदन करने के पात्र होंगे।

1.73 लाख बूथों पर चलेगा विशेष अभियान

मतदाता पंजीकरण को रफ्तार देने के लिए निर्वाचन विभाग ने नवंबर महीने में चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए हैं। 21 और 22 नवंबर के अलावा 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी 1.73 लाख पोलिंग बूथों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन तारीखों पर बीएलओ (BLO) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे और नए मतदाताओं के फॉर्म तथा दावों-आपत्तियों को प्राप्त करेंगे। निर्वाचन विभाग की कोशिश है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।

विधानसभा और पंचायत वोटर लिस्ट में 2.38 करोड़ का अंतर

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद यूपी की विधानसभा मतदाता सूची और पंचायत व नगर निकाय की सूचियों के आंकड़ों में भारी विसंगति सामने आई है। विधानसभा की सूची में पंचायत और निकाय सूची के मुकाबले करीब 2.38 करोड़ कम वोटर दर्ज हैं। इस भारी अंतर को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इस त्रुटि को दूर करने के लिए निर्वाचन विभाग अब बूथ स्तर पर तीनों सूचियों का मिलान करा रहा है और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर रहा है ताकि छूटे हुए नागरिकों के नाम जोड़े जा सकें।

गाजियाबाद में 10 लाख पात्र नागरिक सूची से बाहर

मतदाता सूची की खामियों का एक बड़ा उदाहरण गाजियाबाद में देखने को मिला है। यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने गाजियाबाद में एसएसआर की समीक्षा के दौरान बताया कि जिले की लिस्ट में 23 लाख से अधिक नाम दर्ज हैं, जबकि अनुमान है कि करीब 10 लाख पात्र नागरिक अभी भी इससे बाहर हैं। उन्होंने अधिकारियों को सभी पात्र लोगों के नाम सूची में जोड़ने के सख्त निर्देश दिए हैं।

नवदीप रिणवा ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम अपने आप नहीं जुड़ता, इसके लिए पात्र नागरिक को खुद आवेदन करना होता है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांचें।