बुजुर्ग की मौत पर फूटा BJP सांसद साक्षी महाराज का गुस्सा, पुलिस अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाते हुए बोले- ‘काहे के बहादुर हो तुम?’

sakshi

उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस की कार्यशैली से नाराज भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद साक्षी महाराज (Sakshi Maharaj) का गुस्सा सरेआम फूट पड़ा। मौरांवा क्षेत्र में लोधी परिवार के बुजुर्ग रामस्वरूप की मौत के बाद उनके परिजनों से मिलने पहुंचे सांसद ने स्थानीय इंस्पेक्टर और क्षेत्राधिकारी (CO) को जमकर फटकार लगाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्या है पूरा मामला?

यह पूरा विवाद उन्नाव के मौरांवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव का है। यहां लोधी परिवार और यादव परिवार के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसमें बुजुर्ग रामस्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। आरोप है कि इस दौरान करीब आधा दर्जन लोग चोटिल हुए और एक बुजुर्ग के सिर पर 25 टांके तक आए थे। इलाज के दौरान करीब डेढ़ महीने बाद बुजुर्ग रामस्वरूप की मौत हो गई, जिसके बाद से इलाके में तनाव और परिजनों में भारी आक्रोश है।

साक्षी महाराज ने पुलिस अधिकारियों को लताड़ा

मृतक के परिवार को सांत्वना देने पहुंचे सांसद साक्षी महाराज ने जब पुलिस की लीपापोती और कार्रवाई में लापरवाही देखी, तो उनका पारा चढ़ गया। उन्होंने मौरांवा इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह को अपने पास बुलाया और उनका नाम पूछते हुए कड़े शब्दों में कहा:

“काहे के बहादुर हो तुम? अगर तुम बहादुर होते तो तुम्हारे राज में ये होता क्या? सब लोग दलाली करते रहते हो, मैंने कभी कुछ कहा क्या? ऐसी पुलिस मैंने कहीं नहीं देखी।”

सांसद ने पुलिस पर आरोप लगाया कि घटना के बाद पुलिस ने मामले की लीपापोती की और उल्टा ‘क्रॉस केस’ दर्ज कर दिया ताकि मामला दबाया जा सके।

CO को भी लगाई फटकार, दी चेतावनी

इंस्पेक्टर के बाद साक्षी महाराज ने सीओ (CO) अरविंद चौरसिया को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि थानों और क्षेत्रों से बहुत शिकायतें मिल रही हैं कि पुलिस महकमा ‘दलाली का अड्डा’ बन गया है।

जनता के बीच पुलिस को कड़ी चेतावनी देते हुए सांसद ने कहा, “मेरा तीसरा नेत्र न खुलने पाए, मैं बहुत आहत हूँ। कार्रवाई करवाओ, सहायता न करो, सहायता मैं कर लूंगा।”

इस घटना के बाद से स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है और राजनीतिक गलियारों में इस वायरल वीडियो की चर्चा जोरों पर है।