चीन से कनेक्शन और सुरक्षा पर खतरा! अमेरिकी सीनेट ने Nvidia के CEO को भेजा बुलावा, दी चेतावनी
अमेरिकी सीनेट बैंकिंग कमिटी ने देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और संवेदनशील तकनीक से जुड़े एक अहम मामले में सख्ती दिखाई है। कमिटी ने वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक (Howard Lutnick) से जवाब-तलब किया है। यह कार्रवाई वाणिज्य विभाग द्वारा ‘एनवीडिया’ (Nvidia) के एडवांस्ड सेमीकंडक्टर एक्सपोर्ट की निगरानी को लेकर जताई गई चिंताओं के बाद की गई है।
यह पूरा मामला तब गरमाया है, जब एनवीडिया कंपनी से जुड़ी सिंगापुर स्थित ‘मेगास्पीड इंटरनेशनल’ (Megaspeed International) की जांच और चीन के साथ इसके कथित संबंधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
‘अमेरिकी जनता को जवाब मिलने चाहिए’
अमेरिकी सीनेटर टिम स्कॉट (Tim Scott) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा कि हालिया रिपोर्टों ने राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। उन्होंने वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक और एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग (Jensen Huang) दोनों को कमिटी के सामने पेश होने का निर्देश दिया है।
स्कॉट ने लिखा, “हालिया रिपोर्टों से हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा और संवेदनशील अमेरिकी तकनीक की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा हुई हैं। मैं मांग करता हूं कि एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग और वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लटनिक सीनेट बैंकिंग कमिटी के सामने आकर अपना बयान दर्ज कराएं। अमेरिकी जनता को जवाब मिलने चाहिए।”
3 दिसंबर को पेश होने का अनुरोध
सीनेटर स्कॉट ने जेन्सेन हुआंग को पत्र लिखकर 3 दिसंबर 2026 को स्वेच्छा से कमिटी के सामने पेश होने का अनुरोध किया है। यह एक सार्वजनिक सुनवाई होगी। इस सुनवाई में मुख्य रूप से एनवीडिया के सेमीकंडक्टर निर्यात और चीन के साथ कथित संबंधों के चलते राष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों की जांच की जाएगी।
हुआंग को लिखे गए अपने पत्र में स्कॉट ने सीनेट के स्थायी नियमों (Standing Rules) और ‘एक्सपोर्ट कंट्रोल रिफॉर्म एक्ट 2018’ (Export Control Reform Act 2018) का हवाला दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्यात नियंत्रण से जुड़े मामलों पर इस कमिटी का पूर्ण अधिकार क्षेत्र है, जिसके तहत वह गवाही ले सकती है और दस्तावेज हासिल कर सकती है।
पेश न होने पर सम्मन की चेतावनी
सीनेटर ने जेन्सेन हुआंग को सख्त चेतावनी भी दी है कि अगर वह स्वेच्छा से पेश नहीं होते हैं, तो कमिटी उन्हें पेश होने के लिए मजबूर कर सकती है। स्कॉट ने पत्र में लिखा, “अगर आप स्वेच्छा से समिति के सामने पेश नहीं होते हैं, तो समिति इस वैध और जरूरी निगरानी प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अपने पास मौजूद सभी विकल्पों का इस्तेमाल करने के लिए तैयार है, जिसमें कानूनी सम्मन (Subpoena) जारी करना भी शामिल है।”
