ओवैसी-आजाद के गठबंधन पर बसपा की प्रतिक्रिया: ‘हमारा गठबंधन जनता के साथ’

maya

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ के नाम से नए गठबंधन का ऐलान कर दिया है। इस ऐलान के बाद से ही यूपी का सियासी पारा चढ़ गया है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की बहुजन समाज पार्टी (BSP) की ओर से भी इस नए गठबंधन पर तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

‘बसपा का गठबंधन केवल जनता के साथ’

इस नए राजनीतिक मोर्चे पर प्रतिक्रिया देते हुए बीएसपी के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा, “गठबंधन कोई भी कर ले, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन तो सिर्फ जनता के साथ है।”

सपा और बीजेपी पर तीखा प्रहार

विश्वनाथ पाल ने चंद्रशेखर और ओवैसी के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और समाजवादी पार्टी (सपा) पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया, “बीजेपी और सपा दोनों पार्टियां आपस में मिली हुई हैं। ये दोनों केवल समाज को आपस में लड़ाने की बातें करती हैं।”

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ (PDA – पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर तंज कसते हुए विश्वनाथ पाल ने कहा, “अखिलेश यादव पीडीए की बात करते हैं, लेकिन जब राज्यसभा भेजने की बारी आती है, तो वे अपने परिवार के सदस्यों और धनवानों को आगे कर देते हैं।”

बीजेपी का दावा: ‘विपक्ष को होगी दिक्कत’

इस गठबंधन को लेकर बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने दावा किया है कि ओवैसी और चंद्रशेखर के साथ आने से बीजेपी को कोई नुकसान नहीं होने वाला है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “इस गठबंधन से उल्टा समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी को दिक्कत होगी। सबको भाईजान की चिंता है, किसी को हिंदुओं की चिंता नहीं है।”

AIMIM और ASP कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

एक तरफ जहां विपक्षी दल इस गठबंधन पर जुबानी हमले कर रहे हैं, वहीं ओवैसी और चंद्रशेखर की पार्टी के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। लखनऊ में गठबंधन की घोषणा होते ही मेरठ सहित कई जिलों में आजाद समाज पार्टी और एआईएमआईएम के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर जश्न मनाया और जमकर खुशियां मनाईं।