Nvidia CEO जेन्सेन हुआंग का चौंकाने वाला खुलासा, चीनी जासूस से एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर पर स्टाफ से मांगी माफी

nvidia

दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनियों में से एक, Nvidia के को-फाउंडर और CEO जेन्सेन हुआंग (येनसन हंग) ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। हुआंग ने कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के सामने अपने एक एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर को स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। सबसे बड़ी बात यह है कि यह अफेयर जिस महिला के साथ था, उसके चीन की जासूस होने का दावा किया जा रहा है।

बंद कमरे में हुई मीटिंग, मांगी माफी

कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित कंपनी के मुख्यालय में जेन्सेन हुआंग ने एक हाई-लेवल मीटिंग बुलाई थी। यह मीटिंग मुख्य रूप से कंपनी के तिमाही नतीजों पर चर्चा करने के लिए थी। लेकिन, बंद कमरे में हुई इस मीटिंग की शुरुआत में ही हुआंग ने अपने निजी जीवन के इस विवाद पर बात की।

उन्होंने अपने एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर को स्वीकार किया, शर्मिंदगी जताई और स्टाफ से माफी मांगी। इसके बाद उन्होंने सभी से कंपनी के बिजनेस पर ध्यान केंद्रित करने की अपील करते हुए तिमाही प्रोग्रेस रिपोर्ट और प्रॉफिट-लॉस के आंकड़ों पर चर्चा शुरू कर दी।

ईमेल के जरिए किया था सबसे पहला खुलासा

इस मीटिंग से पहले जेन्सेन हुआंग ने कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों को एक ईमेल लिखकर अपने अफेयर का खुलासा किया था। हालांकि उन्होंने उस ईमेल में अपनी महिला साथी का नाम उजागर नहीं किया था। ईमेल में उन्होंने लिखा था, “मुझे पता है कि मुझे मेरे किए की माफी नहीं मिल सकती। लेकिन उम्मीद है कि परिवार और कंपनी सदमे से उबरेगा और मैं फिर सभी का विश्वास जीत लूंगा।”

हुआंग, जिन्हें कई कर्मचारी अपना आदर्श मानते हैं, के इस खुलासे से कंपनी में हर कोई सदमे में है।

कौन है वह महिला और बोर्ड ने क्यों बिठाई जांच?

मीडिया रिपोर्ट्स (जैसे ‘फाइनेंशियल टाइम्स’) के मुताबिक, जेन्सेन हुआंग का यह अफेयर ‘मेगास्पीड’ की पूर्व कार्यकारी अधिकारी एलिस हंग (Alice Hung) के साथ था। प्रारंभिक जानकारी में एलिस के चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़े होने के दावे सामने आए हैं।

चूंकि महिला का कनेक्शन कथित तौर पर चीनी जासूसी एजेंसी से है, इसलिए Nvidia के निदेशक मंडल (बोर्ड) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू कर दी है। इस जांच की जिम्मेदारी जानी-मानी लॉ फर्म ‘वाचटेल, लिपटन, रोसेन एंड काट्ज’ को सौंपी गई है, ताकि इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

अमेरिका-चीन टेक ट्रेड का बड़ा चेहरा हैं हुआंग

1993 में Nvidia की स्थापना करने वाले जेन्सेन हुआंग आज ग्लोबल AI इंडस्ट्री का एक बहुत बड़ा नाम हैं। उन्हें अमेरिका और चीन के बीच टेक्नोलॉजी ट्रेड का प्रमुख चेहरा माना जाता है। मई 2026 में वह अमेरिकी राष्ट्रपति की चीन यात्रा के दौरान उनके साथ गए थे और सितंबर में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ व्हाइट हाउस स्टेट डिनर में भी नजर आए थे। चीनी जासूस के साथ अफेयर के खुलासे के बाद अब वह पूरी दुनिया में विरोधियों के निशाने पर आ गए हैं।