उपचुनाव 2026: बंगाल की दोनों सीटों और असम के नगांव में BJP की मजबूत पकड़, पुडुचेरी में AINRC की जीत; तमिलनाडु में CM विजय की TVK का दबदबा
चार राज्यों की एक लोकसभा और पांच विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे और रुझान सामने आ गए हैं। मतगणना के ताजा आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल की दोनों विधानसभा सीटों (नंदीग्राम और रेजीनगर) तथा असम की नगांव संसदीय सीट पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने निर्णायक बढ़त बना ली है। वहीं, पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी विधानसभा सीट पर ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (AINRC) ने जीत दर्ज कर ली है। तमिलनाडु की दोनों सीटों पर मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) बढ़त बनाए हुए है। 6 अक्टूबर को इन सभी सीटों पर वोट डाले गए थे।
बंगाल: नंदीग्राम में हसीरानी रथ की बड़ी बढ़त, रेजीनगर में भी BJP आगे
पश्चिम बंगाल में टीएमसी को सत्ता से बाहर कर नई सरकार बनाने वाली भाजपा के लिए यह चुनाव साख का सवाल बना हुआ था। नंदीग्राम विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी हसीरानी रथ ने अपनी बढ़त को 19,600 से अधिक वोटों तक पहुंचा दिया है। हसीरानी रथ को 24,000 से अधिक मत मिल चुके हैं, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान करीब 4,300 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में हसीरानी रथ की जीत पर उन्हें बधाई दी और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली विकास-केंद्रित राजनीति पर जनता का विश्वास बताया।
उधर, मुर्शिदाबाद जिले की मुस्लिम-बहुल रेजीनगर सीट पर भाजपा के शंकरव सरकार ने तीसरे राउंड की गिनती के बाद आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के उम्मीदवार गुलाम नबी आजाद पर 20,000 से ज्यादा वोटों की बढ़त बना ली है। यहां भाजपा को 28,366 वोट मिले हैं, जबकि आजाद को 8,109 वोट मिले हैं। कांग्रेस के अब्दुल्लाहिल 1,705 वोटों के साथ तीसरे और टीएमसी प्रत्याशी रबीउल आलम चौधरी 1,286 वोटों के साथ चौथे स्थान पर हैं।
असम: नगांव लोकसभा सीट पर बदरुद्दीन अजमल काफी पीछे, भाजपा के देवाशीष शर्मा आगे
असम की नगांव संसदीय सीट के उपचुनाव में भाजपा के देवाशीष शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी और AIUDF प्रमुख मौलाना बदरुद्दीन अजमल पर भारी बढ़त हासिल कर ली है। अब तक की मतगणना में भाजपा को 1,94,917 वोट मिले हैं, जबकि अजमल 1,15,456 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवार सिबामनी बोरा 32,643 वोटों के साथ काफी पीछे तीसरे स्थान पर हैं। यह सीट पूर्व कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदोलोई के इस्तीफे और उनके भाजपा में शामिल होकर दिसपुर से विधायक बनने के बाद खाली हुई थी।
तमिलनाडु: मदुरंतकम और धारापुरम में CM विजय की TVK आगे
मई में तमिलनाडु की सत्ता संभालने वाली तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की सरकार के लिए यह पहला उपचुनाव है। दोनों सीटों पर पार्टी बढ़त बनाए हुए है:
-
मदुरंतकम: TVK की मरगथम कुमारवेल 6,000 से अधिक वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रही हैं। डीएमके के आई. परंथमेन दूसरे और एआईएडीएमके की एस. कनिथा संपत तीसरे स्थान पर हैं।
-
धारापुरम: TVK प्रत्याशी पी. सत्यभामा ने 9,600 से अधिक मतों की बढ़त बना ली है। सत्यभामा को अब तक 48,675 वोट मिले हैं, जबकि डीएमके की एस. सुगन्या 39,039 वोटों के साथ दूसरे और एआईएडीएमके की के. भानुमति 31,067 वोटों के साथ तीसरे पायदान पर हैं।
पुडुचेरी: थट्टनचावड़ी सीट पर AINRC के अशोक आनंद की जीत
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की थट्टनचावड़ी विधानसभा सीट के नतीजे घोषित हो चुके हैं। ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस (AINRC) के प्रत्याशी अशोक आनंद ने इस सीट पर 13,358 वोट पाकर जीत दर्ज की है। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार ई. विनायगम 4,876 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। मुख्यमंत्री एन. रंगासामी द्वारा मंगलम सीट अपने पास रखने और थट्टनचावड़ी छोड़ने के कारण यहां उपचुनाव कराया गया था।
राजनीतिक बयानबाजी: शिवराज का ‘चौका’ तंज, कांग्रेस ने लगाए धांधली के आरोप
चुनावी नतीजों और रुझानों पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे पार्टी की जीत का ‘चौका’ करार दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हंगामे की आवाज कुछ समय के लिए हो सकती है, लेकिन जनता के जनादेश का प्रभाव लंबे समय तक रहता है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अराजकता फैलाने वालों को जनता के फैसले से सीख लेनी चाहिए।
दूसरी ओर, पश्चिम बंगाल के एआईसीसी प्रभारी प्रकाश जोशी ने नंदीग्राम उपचुनाव में चुनावी धांधली के गंभीर आरोप लगाए। जोशी ने कहा कि सुवेंदु अधिकारी ने प्रशासन के जरिए मतदाताओं को डराया और चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ लूटे गए, कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमले हुए, वाहनों में तोड़फोड़ की गई और दुकानों में आग लगाई गई, जबकि चुनाव आयोग निष्पक्ष भूमिका निभाने में विफल रहा।
वहीं तमिलनाडु के मदुरंतकम में नाम तमिलर काची (NTK) के उम्मीदवार जानकीरमन ने कहा कि जमीन पर वास्तविक बदलाव एनटीके ही लेकर आएगी और उन्हें जनता के फैसले पर पूरा भरोसा है।
