August 24, 2026

सीतापुर की पूनम ने CM योगी से मांगीं निराश्रित गायें, गोसेवा से परिवार को आत्मनिर्भर बनाने की जताई इच्छा

CM-Janta-Darshan-Dainik-Jagran-1

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इसी दौरान सीतापुर की पूनम देवी ने गोपालन के जरिए परिवार की आय बढ़ाकर आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जताते हुए मुख्यमंत्री से निराश्रित गाय उपलब्ध कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने उनकी मदद का भरोसा देते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।

पूनम देवी ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पास पहले से पांच गाय हैं और अतिरिक्त गोवंश रखने के लिए पर्याप्त जगह भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि वह गोसेवा के साथ दूध की बिक्री के जरिए परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करना चाहती हैं।

पशुधन विभाग को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश

पूनम की बात सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव, पशुधन को निर्देश दिया कि उन्हें नियमानुसार निराश्रित गाय उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही मुख्यमंत्री सहभागिता योजना का लाभ भी दिलाने को कहा गया, ताकि गोपालन के माध्यम से उनकी आय बढ़ सके।

सीतापुर के गुरुदेव नगर, हरगांव की रहने वाली पूनम ने प्रार्थना पत्र के जरिए मुख्यमंत्री के सामने गोपालन को आत्मनिर्भरता का माध्यम बनाने की इच्छा रखी थी। मुख्यमंत्री ने उनका उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं के तहत उन्हें नियमानुसार लाभ दिलाया जाएगा।

CM योगी ने कहा- मन से करें गोसेवा

मुख्यमंत्री ने पूनम देवी से गोसेवा पूरे मन से करने की बात कही और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मदद करेगी। उन्होंने गोसेवा के महत्व का उल्लेख करते हुए गोमाता में 33 कोटि देवताओं के वास की मान्यता का भी जिक्र किया।

श्रावण मास में अपनी इच्छा पूरी होने की उम्मीद जगी तो पूनम देवी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

दिव्यांग ने भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की

जनता दर्शन में एक दिव्यांग व्यक्ति ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत भी मुख्यमंत्री के सामने रखी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कराने और पीड़ित को नियमानुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जनता दर्शन में आए सभी लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।